मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज


वेतन विवाद को लेकर चली आ रही हडताल गुरुवार को ईओ के साथ हुई समझौता वार्ता के बाद समाप्त हो गई। उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष रविन्द्र नागर और राज्य कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष राहुल चौधरी के नेतृत्व में ईओ और कर्मचारियों के बीच समझौता वार्ता सफल रही है। दोनों पक्षों ने विभिन्न बिन्दुओं पर अपनी सहमति जताई है। ईओ ने बताया कि चेयरपर्सन के आने के बाद उक्त कर्मचारियों को वेतन मिलेगा। उधर कर्मचारी हडताल समाप्त कर वापस काम पर लौट गए।
नगर पालिका में तीसरे दिन भी वेतन विवाद को लेकर कर्मचारियों की काम बंद हडताल जारी रही। गुरुवार को राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद् के अध्यक्ष रविन्द्र नागर, राज्य कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष राहुल चौधरी, विकास भवन कर्मचारी संघ के पूर्व अध्यक्ष राजीव शर्मा, उत्तर प्रदेश मिनिस्टीयल कलेक्ट्रेट के अध्यक्ष अम्मार हैदर, वरिष्ठ कर्मचारी नेता एलबीसी नरेन्द्र कुमार और राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष चमनलाल ढिंगान भी धरने पर पहुंचे। उन्होंने स्वायत्त शासन कर्मचारी संगठन के नेतृत्व में चल रही कर्मचारियों की हडताल को अपना समर्थन दिया। इस बीच रविन्द्र नागर और राहुल चौधरी ने इस मामले का पटाक्षेप कराया। ईओ डा. प्रज्ञा सिंह ने एई को धरने पर भेजा और हडताल पर बैठक कर्मचारियों को वार्ता के लिए बुलाया। ईओ के कार्यालय में करीब डेढ घंटे समझौता वार्ता हुई। जिसमें दोनों पक्षों ने अपनी बात को रखा। ईओ ने कर्मचारियों की मांगों को मान लिया। उधर कर्मचारियों ने भी कार्य करने में सहयोग करने का आश्वासन दिया। संगठन के महामंत्री सुनील वर्मा नोटिस वापस होने की मांग की। इस दौरान एलबीसी नरेन्द्र कुमार, राजीव शर्मा, राहुल चौधरी, रविन्द्र नागर, चमनलाल ढिंगान, ब्रजमोहन, सुनील वर्मा, मौहम्मद सालिम, मोहन वैद, आकाशदीप, राजीव वर्मा, विकास शर्मा आदि मौजूद रहे।







