मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

नगर पालिका प्रशासन ने गारबेज फ्री सिटी नीति पर काम करना शुरू कर दिया है। डीएम आवास के सामने लम्बे समय से चले आ रहे डलावघर को जेएस एनवायरो सर्विसेज प्रा.लि. कम्पनी के द्वारा जेसीबी मशीन से ध्वस्त कराया गया है। यह कार्रवाई चेयरपर्सन और ईओ के निर्देश पर हुई है। यहां पर कम्पनी के द्वारा सौन्दर्यीकरण कराया जाएगा। वहीं यहां पर कूडा डालने वाले के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप और ईओ डा. प्रज्ञा सिंह के द्वारा शहर को गारबेज फ्री सिटी बनाने को लेकर प्रयास किए जा रहे है। ताकि स्वच्छता सर्वेक्षण में अच्छी रैंकिंग प्राप्त हो सके। शनिवार को डीएम आवास के सामने बने डलावघर को ध्वस्त कराया गया है। इस डलावघर को बंद करा दिया गया है। जेएस एनवायरो के प्रोजेक्ट मैनेजर नितेश चौधरी ने बताया कि गारबेज फ्री सिटी की नीति को लेकर काम किया जा रहा है। नगर पालिका के द्वारा अब तक रुड़की रोड पर जिला अस्पताल के बाहर, लद्दावाला साइड, रामलीला टिल्ला, गांधी कालोनी लिंक रोड, गांधीनगर भाजपा कार्यालय, सिटी सेंटर के सामने, सरकूलर रोड शाकुंतलम आवास विकास कालोनी, नई मंडी राजवाहा रोड, आलू मंडी के सामने सहित कई बड़े कूड़ा डलावघरों को बंद कराया गया है। अन्य डलावघरों पर कूड़ा सीधे कॉम्पेक्टर में डालने की सुविधा प्रदान की गई है।






