मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

जनपद के करीब छह बिजलीघरों से सबसे अधिक बिजली कटौती हो रही है। इन छह बिजलीघरों से अघोषित कटौती, रोस्टिंग, ट्रिपिंग आदि कारणों के चलते घंटों तक आपूर्ति बंद रहती है। जिस कारण उपभोक्ता काफी परेशान है। रोहाना और मिमलाना रोड बिजलीघर की सप्लाई ने उपभोक्ताओं को रूलाया हुआ है। पिछले पांच दिनों से इन दोनों बिजलीघरों से खराब सप्लाई को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। आरोप है कि बिजलीघर के कर्मचारी और जेई फोन भी नहीं उठाते है।
जनपद में करीब 120 से अधिक बिजलीघर है। इनमें से छह बिजलीघरों की बिजली सप्लाई सबसे अधिक खराब बताई जा रही है। इन बिजलीघरों की खराब सप्लाई को लेकर उपभोक्ता काफी परेशान है। मिमलाना रोड, शामली रोड, महावीर चौक, रोहाना, रूडकी रोड, नुमाईश कैम्प से कई-कई घंटे बिजली आपूर्ति गायब रहती है। मिमलाना रोड और रोहाना बिजलीघर से सप्लाई का बुरा हाल है। रोहाना बिजलीघर की क्षमता वृद्धि होने के बाद भी बिजली सप्लाई में कोई सुधार नहीं हुआ है। इस बिजलीघर से करीब 15 से अधिक गांव जुडे हुए है। पांच दिनों से रोहाना और मिमलाना रोड बिजलीघर से दिन में सप्लाई ना मात्र के लिए मिल रही है। ऐसे में उपभोक्ताओं में काफी रोष बना हुआ है। उधर महावीर चौक बिजलीघर पर 33केवी लाइन का तार टूट गया। जिसे सहीं करने में करीब तीन घंटे कर्मचारियों को लगे है। अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार यादव का कहना है कि सप्लाई में सुधार करने के प्रयास किए जा रहे है। बारिश होने के कारण सप्लाई कुछ स्थानों पर प्रभावित है।







