मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

कलेक्ट्रेट में शुक्रवार को उस समय हडकम्प मच गया जब एक ठेकेदार ने राजस्व विभाग में कार्यरत लिपिक कुलदीप कुमार पर 20 हजार रुपए की रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगाया। पैसे न होने पर ठेकेदार ने हंगामा करते हुए अपने कपडे और जूते उतर कर उक्त लिपिक को सौंप दिए। उक्त घटना को लेकर अन्य कर्मचारी और लोग मौके पर एकत्र हो गए। वहीं लिपिक कुलदीप कुमार ने ठेकेदार के द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को गलत बताते हुए 20 हजार रुपए की लोकवाणी रसीद कटवाना अनिवार्य बताया है। उधर वीडियो सोशम मीडिया में बडी तेजी के साथ वायरल हो रहा है। इस वीडियो में ठेकेदार विरोध और हंगामा करते हुए अपने पकडे उतारता हुआ नजर आ रहा है।
ठेकेदार विनेश कुमार शुक्रवार को 55 लाख रुपए का हैसियत प्रमाण पत्र बनवाने के लिए कलेक्ट्रेट में स्थित राजस्व विभाग में पहुंचा। हैसियत प्रमाण पत्र के संबंध में ठेकेदार विनेश कुमार की लिपिक कुलदीप कुमार के साथ बात वार्ता हुई। कुलदीप कुमार ने ठेकेदार से कहा कि इस मामले में 20 हजार रुपए की लोकवाणी रसीद कटेंगी। इस बात को लेकर विरोध शुरू हो गया। ठेकेदार ने कुलदीप कुमार पर 20 हजार रुपए की रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। ठेकेदार ने बताया कि करीब डेढ साल पहले दो हजार की रसीद कटवाई थी, अब रसीद 20 हजार रुपए की कैसे हो गई। ठेकेदार ने इस मामले को लेकर जमकर हंगामा किया और बाद में अपने कपडे व जूते उतार कर लिपिक को सौंप दिए। उधर हंगामा होने पर अन्य कर्मचारी और लोग एकत्र हो गए। कुछ देर के बाद सोशल मीडिया पर उक्त प्रकरण का वीडियो वायरल हो गया। इस मामले को लेकर तरत-तरह की चर्चाएं हो रही है।

लिपिक ने बताया
ठेकेदार के द्वारा लगाए गए सभी आरोप निराधार है। ठेकेदार से कोई 20 हजार रुपए की रिश्वत नहीं मांगी गई है। 55 लाख रुपए के हैसियत प्रमाण पत्र के लिए नियमानुसार 20 हजार रुपए की लोकवाणी रसीद कटवाना अनिवार्य है। ठेकेदार बिना रसीद कटवाए हैसियत प्रमाण पत्र बनवाने का दबाव बना रहा है।
कुलदीप कुमार, लिपिक राजस्व विभाग कलेक्ट्रेट






