Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » भाकियू ने घेरा डीएम ऑफिस, मुख्यमंत्री के नाम दिया ज्ञापन

भाकियू ने घेरा डीएम ऑफिस, मुख्यमंत्री के नाम दिया ज्ञापन

 

मुजफ्फरनगर। हिंदुस्तान सिटी न्यूज

शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन ने किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर डीएम कार्यालय का घेराव करते हुए धरना प्रदर्शन किया है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम ज्ञापन जिला प्रशासन को दिया है। मांग पत्र में किसानों की आर्थिक स्थिति सुधारने, फसलों का लाभकारी मूल्य दिलाने, गन्ने का भाव 500 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित करने और चीनी मिलों पर बकाया भुगतान जल्द कराने समेत 15 प्रमुख मांगें उठाई गई हैं।

भाकियू नेता अनुज बालियान ने कहा कि किसान अपनी मेहनत से प्रदेश की खाद्य व्यवस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करते हैं। लेकिन बढ़ती कृषि लागत, फसलों का उचित मूल्य नहीं मिलना, भुगतान में देरी, बिजली और सिंचाई संबंधी समस्याएं तथा खाद-बीज की किल्लत के कारण किसानों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि समयबद्ध और धरातल पर दिखाई देने वाले समाधान की आवश्यकता है।भाकियू ने सभी प्रमुख फसलों की सरकारी खरीद व्यवस्था मजबूत करने, खरीद केंद्रों पर पारदर्शिता सुनिश्चित करने और गन्ने का लाभकारी मूल्य 500 रुपये प्रति कुंतल घोषित करने की मांग की। साथ ही चीनी मिलों पर किसानों का बकाया भुगतान तत्काल कराने और भविष्य में भुगतान में देरी रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाने पर जोर दिया।मांगपत्र में बिजली की समस्या का स्थायी समाधान करने, ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, खाद और बीज की पर्याप्त उपलब्धता, कालाबाजारी पर रोक लगाने तथा आवारा पशुओं से फसलों को बचाने की व्यवस्था करने की मांग भी शामिल है। इसके अलावा प्राकृतिक आपदाओं से फसलों को हुए नुकसान का शीघ्र मुआवजा देने, फसल बीमा योजना के तहत वास्तविक नुकसान के आधार पर भुगतान कराने और सिंचाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग उठाई गई। संगठन ने छोटे एवं सीमांत किसानों को कृषि ऋण में राहत देने, मंडियों में पारदर्शी तौल और समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने, कृषि मजदूरों की सामाजिक सुरक्षा मजबूत करने तथा किसानों से जुड़े मुकदमों की निष्पक्ष समीक्षा की मांग की। भाकियू ने कृषि लागत कम करने और किसान संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ नियमित संवाद स्थापित करने पर भी जोर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल