मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत जनपद में करीब 13,389 लाभार्थियों के घर सौर ऊर्जा से रोशन हो रहे है। जनपद में करीब 45 किलोवॉट सौर ऊर्जा का उत्पादन हो रहा है। यूपी नेडा के परियोजना प्रभारी भजन सिंह ने बताया कि यह केंद्र एवं राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका लाभ 31 मार्च 2027 तक ही मिलेगा। इसके बाद इस योजना के तहत मिलने वाले सरकारी अनुदान का लाभ समाप्त हो जाएगा।
उन्होंने बताया कि जनपद में अब तक 22,588 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 22,340 आवेदकों ने वेंडर का चयन कर लिया है, जबकि 13,389 लाभार्थियों के घरों पर सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। इनमें से 11,453 लाभार्थियों के खातों में अनुदान की राशि भी हस्तांतरित कर दी गई है। वर्तमान में मुजफ्फरनगर में इन संयंत्रों के माध्यम से करीब 40 मेगावाट सौर ऊर्जा का उत्पादन हो रहा है। योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए जनपद में 161 अधिकृत वेंडर कार्य कर रहे हैं और लोगों को योजना के प्रति जागरूक कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि विद्युत विभाग के आंकड़ों के अनुसार मई 2026 में योजना से जुड़े 1,547 उपभोक्ताओं के बिजली बिल नेगेटिव आए, जबकि 158 उपभोक्ताओं का बिल शून्य रहा। इसके अलावा 535 उपभोक्ताओं का बिल 100 रुपये तक और 3,018 उपभोक्ताओं का बिल 101 से 500 रुपये के बीच आया। इससे स्पष्ट है कि योजना उपभोक्ताओं के बिजली खर्च को काफी हद तक कम करने में सफल साबित हो रही है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि अवध विहार निवासी बिमलेश के घर सोलर संयंत्र लगने के बाद उनका बिजली बिल लगातार शून्य आ रहा है।







