मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

आगामी कांवड यात्रा की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट बना हुआ है। डीपीआरओ रेणु श्रीवास्तव ने कांवड मार्ग को प्लास्टिक मुक्त करने की पहल करते हुए तैयारियां शुरू कर दी है। डीपीआरओ ने 184 होटल संचालकों को नोटिस जारी किया है। विभाग द्वारा किए गए सर्वेक्षण में इन प्रतिष्ठानों को चिन्हित किया गया है, जहां से सबसे अधिक मात्रा में प्लास्टिक एवं डिस्पोजल सामग्री कांवड़ मार्ग पर फेंके जाने की शिकायतें मिली है। डीपीआरओ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि कांवड़ यात्रा के दौरान यदि किसी होटल, ढाबे या अन्य प्रतिष्ठान के बाहर अथवा कांवड़ मार्ग पर प्लास्टिक कचरा पाया गया, तो संबंधित संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डीपीआरओ रेणु श्रीवास्तव ने विभागीय टीम के साथ पुरकाजी, छपार, मंसूरपुर, खतौली आदि कांवड मार्ग का निरीक्षण किया है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कांवड मार्ग पर करीब 184 होटल, ढाबों को चिन्हित किया है। इनके द्वारा कांवड मार्ग पर सबसे अधिक गंदगी और प्लास्टिक आदि डाली जा रही है। रेणु श्रीवास्तव ने कांवड मार्ग को प्लास्टिक मुक्त रखने की पहल करते हुए कार्य शुरू कर दिया है। इस संबंध में उन्होंने उक्त होटल संचालकों को नोटिस जारी किए है। वहीं सफाई के लिए करीब 452 सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। डीपीआरओ ने कांवड मार्ग पर चल रही सफाई का निरीक्षण भी किया है।

डीपीआरओ विभाग के द्वारा कांवड मार्ग पर कराई गई अच्छी व्यवस्था
कांवड मार्ग पर पडने वाले शिविर- 75
कांवड मार्ग पर सफाई कर्मचारी तैनात- 452
कांवड मार्ग पर मानिटरिंग के लिए लगे सचिव- 117
कांवड मार्ग पर स्थापति हैंडपम्प- 202
कांवड मार्ग पर स्थापित वॉटर कूलर- 52
कांवड मार्ग पर स्थापित स्थाई शौचालय- 54
कांवड मार्ग पर स्थापित अस्थाई शौचालय- 51
कांवड मार्ग पर स्थापित आरआरसी सेंटर- 64
कांवड मार्ग पर कूडा उठाने के लिए ई रिक्शा- 85
कांवड मार्ग पर लगाए गए साइन बोर्ड- 105
कांवड मार्ग पर पानी की निकासी के लिए वॉटर पम्प- 6
कांवड मार्ग पर लगाई गई स्ट्रीट लाइट- 64





