सहारनपुर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

➡️आज दिनांक 21.07.2026 को पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र, सहारनपुर श्री अभिषेक सिंह द्वारा जनपद सहारनपुर स्थित सर्किट हाउस सभागार में मंडलायुक्त, सहारनपुर मंडल डॉ. रूपेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित आगामी कांवड़ यात्रा-2026 एवं मंडल की कानून व्यवस्था के संबंध में मंडलीय समीक्षा गोष्ठी में प्रतिभाग किया गया।


✅गोष्ठी में सहारनपुर मंडल के तीनों जनपदों में आगामी कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं निर्विघ्न संपन्न कराने हेतु की जा रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान कांवड़ यात्रा मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, डायवर्जन प्लान, पार्किंग व्यवस्था, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से निगरानी, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाएं, पेयजल, साफ-सफाई, अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने एवं आपसी समन्वय बनाए रखते हुए कार्य करने के निर्देश दिए गए।

✳️बैठक में मंडल के तीनों जनपदों की कानून व्यवस्था की भी गहन समीक्षा की गई। अपराध नियंत्रण, वांछित एवं सक्रिय अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही, असामाजिक एवं अराजक तत्वों पर सतत निगरानी, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।
✅पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र सहारनपुर श्री अभिषेक सिंह द्वारा निर्देशित किया गया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण सतर्कता, अनुशासन एवं समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे तथा प्रत्येक अधिकारी अपने क्षेत्र में नियमित भ्रमण कर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसामान्य एवं कांवड़ श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखते हुए यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाए।
➡️गोष्ठी में सहारनपुर मंडल के तीनों जनपदों के वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग करते हुए अपने-अपने जनपदों में कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों एवं कानून व्यवस्था के संबंध में किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की गई। बैठक में सभी विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने का संकल्प व्यक्त किया गया।





