मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप की सख्ती के बाद ईओ पवन कुमार से वार्ता में सहमति बनने पर नगर पालिका के सफाई कर्मचारी संघ ने हडताल को खत्म कर दिया। देर रात्रि में ईओ और संघ के पदाधिकारी, कर्मचारियों के बीच वार्ता हुई है। आउट सोर्सिंग के कर्मचारी नई कंपनी के साथ ही काम करने को तैयार हो गई है। उधर ईओ ने भी कर्मचारियों का आश्वासन दिया है कि उनका कोई उत्पीडन नहीं होने दिया जाएगा। सफाई कर्मचारियों की दूसरे दिन देर रात्रि में हडताल खत्म हो गई, लेकिन गुरुवार को सफाई व्यवस्था पटरी पर नहीं लौटी है। शहर में शाम तक विभिन्न स्थानों पर कूडे के ढेर लगे रहे है।
बुधवार की देर रात्रि में ईओ पवन कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी अन्नू चौधरी, सीएसएफआई योगेश कुमार आदि नगर पालिका में पहुंचे। उन्होंने धरने में बैठक सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारी और कर्मचारियों से वार्ता की। मांगों पर बिंदुवार चर्चा के बाद कई मुद्दों पर सहमति बनी, जिसके पश्चात सफाई कर्मचारी संघ ने हड़ताल वापस लेने की घोषणा कर दी। सफाई कर्मचारी संघ के महामंत्री मिलन कुमार ने बताया कि कर्मचारियों की चार प्रमुख मांगों पर सहमति बनी है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों का किसी भी प्रकार का आर्थिक या मानसिक शोषण नहीं होना चाहिए। कूड़ा वाहनों के चालक नई कंपनी के साथ कार्य करेंगे, लेकिन उनके हितों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा कर्मचारियों के पीएफ का भुगतान उनके खातों में कराया जाएगा तथा वेतन का नियमित भुगतान भी सुनिश्चित किया जाएगा।

नगर पालिका ईओ ने बताया
अधिशासी अधिकारी पवन कुमार ने कहा कि कर्मचारियों की जो मांगें नियमों और जनहित के अनुरूप थीं, उन पर सकारात्मक निर्णय लिया गया है, जबकि अनैतिक मांगों को स्पष्ट रूप से अस्वीकार कर दिया गया। बोर्ड की स्वीकृति के बाद कूड़ा वाहनों के संचालन का कार्य नई कंपनी को दिया जा रहा है। सभी आउटसोर्स वाहन चालक उसी कंपनी के साथ कार्य करेंगे। 28 वाहन चालकों और कर्मचारियों के पीएफ भुगतान को लेकर भी ठेकेदार फर्म को निर्देश दिए गए हैं।
पवन कुमार, ईओ नगर पालिका





