Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » सीएमओ ने गढ़ी नौवाबाद व सिसौली सीएचसी का किया निरीक्षण

सीएमओ ने गढ़ी नौवाबाद व सिसौली सीएचसी का किया निरीक्षण

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया द्वारा आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गढ़ी नौवाबाद एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसौली का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, दवा वितरण व्यवस्था, प्रसव सेवाओं, प्रयोगशाला, टीकाकरण, साफ-सफाई व्यवस्था एवं विभिन्न अभिलेखों का गहन निरीक्षण किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

प्रत्येक गुरुवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सुनील तेवतिया ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसौली में स्वयं ओपीडी कर मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। उन्होंने मरीजों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं सुनीं तथा आवश्यक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं एवं सेवाओं के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध एवं संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने, साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने तथा सभी राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डॉ. तेवतिया ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी स्वास्थ्य संस्थानों पर नियमित निरीक्षण एवं सेवाओं की सतत निगरानी की जा रही है।

निरीक्षण के दौरान संबंधित चिकित्सा अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल