मुजफ्फरनगर। हिंदुस्तान सिटी न्यूज

अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, मुजफ्फरनगर के निर्देशानुसार जनपद के समस्त जन सेवा केंद्र (CSC) संचालकों को अवगत कराना है कि शासन द्वारा संचालित योजनाओं एवं विशेष रूप से गतिमान फार्म रजिस्ट्री कार्यों के सफल संचालन हेतु उनका पूर्ण सहयोग अनिवार्य है।

हाल ही में तहसील खतौली क्षेत्र के ग्राम खेडी कुरैश में सुशील कुमार द्वारा संचालित एक जन सेवा केंद्र द्वारा शासन के निर्देशों के अनुरूप कार्यों में अपेक्षित सहयोग न करने का मामला संज्ञान में आया है, जिसके क्रम में उप जिलाधिकारी खतौली की संस्तुति पर संबंधित केंद्र के लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्यवाही प्रस्तावित की गई है।
उक्त प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जनपद के सभी जन सेवा केंद्र संचालकों को कड़े शब्दों में चेतावनी दी जाती है कि वे शासन द्वारा जारी समस्त निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें तथा निर्धारित कार्यों में सक्रिय सहभागिता करें।
यदि किसी भी केंद्र द्वारा लापरवाही, उदासीनता अथवा शासन निर्देशों की अवहेलना पाई जाती है, तो संबंधित संचालक के विरुद्ध कठोर प्रशासनिक कार्यवाही की जाएगी, जिसमें लाइसेंस निरस्तीकरण भी सम्मिलित होगा।
जनहित में संचालित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु सभी संचालकों से अपेक्षा की जाती है कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ करें।




