मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज


भीषण गर्मी में रोहाना बिजलीघर से रात्रि में करीब पांच घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही है। इस दौरान करीब 15 से अधिक गांव में आपूर्ति ठप होने से हाहाकार मच गया। ग्रामीण बिजली सप्लाई के लिए रात भर बिजलीघर पर फोन मिलाते रहे। उधर रात्रि में बिजली विभाग के कर्मचारियों ने 33केवी लाइन में आए ब्रेकडाउन को सहीं किया। इसके बाद सप्लाई चालू हुई है।


ग्रामीण क्षेत्र के रोहाना बिजलीघर से सबसे अधिक बिजली कटौती हो रही है। गर्मी शुरू होते ही इस बिजलीघर से हर साल कटौती का खेल शुरू हो जाता है। इसके कि पिछले वर्ष बिजलीघर की क्षमता वृद्धि करते हुए बडा ट्रांसफार्मर रखा गया था, वहीं जर्जर उपकरणों को भी बदला गया था। इस दौरान अधिकारियों ने कहा था कि आगामी दिनों में रोहाना बिजलीघर से कटौती का ग्राफ काफी कम हो जाएगा, लेकिन अब इसका उल्टा हो रहा है।

रोहाना बिजलीघर से सबसे अधिक बिजली कटौती हो रही है। जिस कारण ग्रामीण काफी परेशान है। रविवार की रात्रि में बधाईकलां से आ रही 33केवी लाइन में ब्रेकडाउन हो गया। जिस कारण रोहाना बिजलीघर की सप्लाई बंद हो गई। रोहना बिजलीघर को सप्लाई न मिलने के कारण करीब 15 से अधिक गांव में अंधेरा छाया रहा। रोहाना कलां, रोहाना खुर्द, बेहडी, बडकली, जटनंगला, कछौली, कल्लरपुर, मलीरा आदि गांव में करीब पांच घंटे सप्लाई बंद रही। भीषण गर्मी में करीब पांच घंटे सप्लाई बंद होने के कारण लोग परेशान हो गए। उधर बिजली विभाग के कर्मचारियों ने रात्रि में काम करते हुए सप्लाई को दुरूस्त किया।




