मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

अब सीवर लाइन की सफाई के लिए सफाई कर्मचारियों को जोखिम नहीं उठना पडेगा। इसके लिए नगर पालिका आधुनिक व्यवस्था करने जा रही है। अब अब शहरी क्षेत्र की सीवर लाइन की सफाई आधुनिक रोबोटिक तकनीक से की जाएगी। इसके लिए पालिका प्रशासन की नोएडा की डीएसआई कम्पनी के साथ वार्ता चल रही है। इस कम्पनी के अधिकारियों ने डीएम और ईओ को अपने कार्य का प्रजेन्टेशन भी दिया है।


बरसात आने से पहले नगर पालिका शहर के सभी नाले और सीवर लाइन की सफाई कराने का प्रयास कर रही है। शहरी क्षेत्र में करीब 52 किलोमीटर में सीवर लाइन बिछी हुई है। यह सीवर लाइन दो चरण में डाली गई है। प्रथम चरण में 33 किलोमीटर और दूसरे चरण में 19 किलोमीटर सीवर लाइन बिछी है। सीवर लाइन की सफाई के लिए नगर पालिका की नोएडा की डीएसआई कम्पनी के साथ वार्ता चल रही है। गुरुवार को इस कम्पनी के डायरेक्टर उदित अग्रवाल ने मुजफ्फरनगर पहुंचे। कम्पनी ने डीएम और ईओ के समक्ष प्रजेन्टेशन दिया। इस संबंध में डीएम के साथ बैठक भी हुई।

डायरेक्टर उदित अग्रवाल ने बताया कि सफाई व्यवस्था को सुरक्षित और प्रभावी बनाने के लिए नई मशीनों का उपयोग किया जाएगा। इस तकनीक के जरिए सीवर में बिना किसी कर्मचारी को उतारे सफाई कार्य पूरा किया जा सकेगा। रोबोटिक मशीन अत्याधुनिक कैमरों, सेंसर और सक्शन सिस्टम से लैस है। यह मशीन सीवर लाइन के अंदर जाकर जमा गाद, प्लास्टिक और अन्य कचरे को बाहर निकालेगी। साथ ही कैमरों की मदद से सीवर की स्थिति की लाइव निगरानी भी संभव होगी। जिससे जाम और खराबी का तुरंत पता लगाया जा सकेगा। रोबोटिक तकनीक के इस्तेमाल से कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और मैनुअल सफाई की जरूरत कम हो जाएगी। कम्पनी के अधिकारियों के द्वारा मीनाक्षी चौक और खालापार की सीवर लाइन का सर्वे किया गया है।
इन्होंने बताया
सीवर की सफाई अब रोबोटिक तकनीक से कराई जाएगी। इसके लिए नोएडा की डीएसआई कम्पनी के साथ वार्ता चल रही है। कम्पनी के अधिकारियों ने प्रजेन्टेशन भी दिया है। कम्पनी के डायरेक्टर उदित अग्रवाल को रामपुरी-शाहबुद्दीनपुर रोड, खालापार और रामलीला टिल्ले का सर्वे करने के लिए कहा गया है।
डा. प्रज्ञा सिंह, ईओ नगर पालिका





