मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

एसपी सिटी द्वारा सड़क सुरक्षा एवं दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य जनपद मुजफ्फरनगर क्षेत्रान्तर्गत एनएच-58 (खतौली-पुरकाजी के मध्य) का NHAI के अधिकारीगण के साथ निरीक्षण किया गया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक नगर, मुजफ्फरनगर अमृत जैन द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारीगण के साथ जनपद अंतर्गत खतौली से पुरकाजी के मध्य स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग 58 (NH-58) का संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान महोदय द्वारा हाईवे पर स्थित विभिन्न कट (U-Turn), सर्विस रोड, ब्लैक स्पॉट, डिवाइडर, साइन बोर्ड, स्ट्रीट लाइटिंग व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन से संबंधित व्यवस्थाओं का गहनता से अवलोकन किया गया। महोदय द्वारा विशेष रूप से उन स्थानों को चिन्हित किया गया जहां पर अनियंत्रित कट अथवा अवैध रूप से बनाए गए रास्तों के कारण दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है। महोदय द्वारा हाईवे पर अवैध कटों को बन्द करने हेतु निर्देशित किया गया साथ ही चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक सुधारात्मक कार्य (जैसे साइन बोर्ड, रंबल स्ट्रिप, रिफ्लेक्टर आदि) लगाने, रात्रि के समय दृश्यता बढ़ाने हेतु स्ट्रीट लाइट एवं रिफ्लेक्टिव साइन बोर्ड की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी खतौली रूपाली राय, क्षेत्राधिकारी सदर डॉ0 रविशंकर सहित पुलिस एवं एनएचएआई के अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण मौजूद रहे।




