मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया द्वारा आज मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों के अंतर्गत विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोयला, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरसौली, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जड़ौदा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुरबालियान, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोहजनी तागान तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बोपाडा का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों पर आने वाले मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डॉ. सुनील तेवतिया ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों में आने वाले प्रत्येक मरीज की समुचित जांच एवं उपचार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों के स्वास्थ्य परीक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा मरीजों को सरकार द्वारा संचालित स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों पर साफ-सफाई व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता, टीकाकरण, परिवार नियोजन सेवाएं तथा संस्थागत प्रसव की स्थिति का भी निरीक्षण किया। साथ ही स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार करते हुए उन्हें गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले आमजन को निःशुल्क एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का एक महत्वपूर्ण माध्यम हैं तथा स्वास्थ्य विभाग जनपदवासियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।




