Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » भाजपा की नई जिला कार्यकारिणी से राजपूत समाज में भारी रोष

भाजपा की नई जिला कार्यकारिणी से राजपूत समाज में भारी रोष

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

भारतीय जनता पार्टी की नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा के बाद राजपूत समाज में काफी रोष देखने को मिल रहा है। कई योग्य व्यक्तियों द्वारा आवेदन किये जाने के बावजूद भी समाज को कोई महत्व नहीं दिया गया। क्षत्रिय राजपूत महासभा जनपद मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पदाधिकारी अमित पुंडीर ने कहा कि भाजपा की नई जिला कार्यकारिणी में राजपूत समाज के किसी भी नेता को न तो उपाध्यक्ष बनाया गया है और न ही महामंत्री, उन्होंने कहा कि समाज की इस तरह अनदेखी को अब बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। उन्होंने कहा कि कार्यकारिणी में शामिल होने के लिये राजपूत समाज के कई योग्य एवं दिग्गज युवा नेताओं ने आवेदन किया था और उन्हें आश्वासन भी मिला था, लेकिन भाजपा की नई कार्यकारिणी घोषित होने के बाद राजपूत समाज अपने आप को अपमानित महसूस कर रहा है, जिसका खामियाजा पार्टी को आगामी चुनाव में भुगतना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि इससे पूर्व की कार्यकारिणी में ग्राम दूधली निवासी सुषमा पुंडीर जी को महामंत्री बनाया गया था, जिससे समाज में खुशी की लहर थी, लेकिन इस बार समाज की पूरी तरह से अनदेखी की गई है, जो ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि क्षत्रिय समाज के सैंकडों गणमान्य नागरिकों ने वहलना चौक पर वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा लगाने का प्रस्ताव पास किया था, जिसके सम्बन्ध में भाजपा युवा नेता सुभाष चौहान के नेतृत्व में समाज के सैंकडों गणमान्य नागरिकों ने राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल से मुलाकात की थी। मंत्री जी ने वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा शीघ्र ही लगाने का आश्वासन भी दिया था, लेकिन आज तक वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जी की प्रतिमा नहीं लगी, जिससे समाज में निराशा का माहौल बना हुआ है। अमित पुंडीर ने कहा कि भाजपा द्वारा राजपूत समाज का शोषण अब बर्दाश्त नहीं होगा। राजपूत समाज भाजपा को शत प्रतिशत वोट देता है, उसके बावजूद राजपूत समाज के साथ धोखा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल