मुजफ्फरनगर। हिंदुस्तान सिटी न्यूज

खतौली के गांव शेखपुरा में एक दिव्यांग लड़की से शादी करने के लिए दो दूल्हे बारात लेकर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की शिकायत पर चाइल्ड हेल्प लाइन की टीम मौके पर पहुंची और शादी को रुकवा दिया। कुछ देर हंगामा हुआ बाद में दोनों दूल्हे बारात लेकर वापस लौट गए।

गांव शेखपुरा निवासी कमलजीत उर्फ बबलू ने बेटी दिव्यांग है। उन्होंने बेटी का रिश्ता शामली थाना क्षेत्र के बाबरी गांव निवासी प्रदीप पुत्र अनिल के साथ तय किया था। बारात मंगलवार को आनी थी, लेकिन सोमवार को दूल्हे प्रदीप के भाई की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। भाई की मौत के बाद प्रदीप के परिजनों ने कहा कि बारात के बारे में हम रात को जानकारी देंगे। जब कोई जवाब नहीं आया तो लड़की का दादा मनोहर डिग्गी गांव में अपने परिचित के पास पहुंचा और पोती का रिश्ता आकाश से तय कर दिया। उन्होंने लड़के पक्ष से बारात में सात आदमी लाने की कहा। इसके बाद मंगलवार को प्रदीप और आकाश दोनों बारात लेकर पहुंच गए। दोनों बारात एक साथ पहुंची तो हड़कंप मच गया। मोहल्ले के किसी व्यक्ति ने मामला बढ़ता देख चाइल्ड हेल्प लाइन टीम को सूचना दी की नाबालिग लड़की की शादी की जा रही है। सूचना पर चाइल्ड हेल्पलाइन से सचिन और भुवनेश कुमार लड़की के घर पहुंच गए। टीम लड़की को सीएचसी ले गई। लड़की के जाने के बाद दोनों दूल्हे बिना दुल्हन के ही वापस लौट गए।






