मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

ई टेंडर से वाहन पार्किंग समेत अन्य ठेकों की नीलामी न होने के कारण नगर पालिका की आय प्रभावित हुई है। नगर पालिका को करीब 94.32 लाख रुपए की हानि हुई है। नगर पालिका के द्वारा पांच बार ई निविदा निकाली गई। इस दौरान दो वाहन पार्किंग स्थलों की निविदा स्वीकृत हो पाए, शेष निविदा स्वीकृत नहीं हुई। पालिका की आयहित को देखते हुए निर्धारित राशियों पर निर्णय लेने के लिए बोर्ड बैठक के एजेंडे में यह प्रस्ताव रखा गया है।
नगर पालिका ने वाहन पार्किंग व अन्य ठेकों की नीलामी के लिए ई टेंडर की प्रक्रिया को अपनाया था। नगर पालिका की यह योजना परवान नहीं चढ पायी। जिस कारण वाहन पार्किंग समेत अन्य ठेकों की नीलामी नहीं हो पायी। इस दौरान टीओ और ईओ के बीच भी विवाद गहरा गया था। जिस कारण वाहन पार्किंग, क्योक्स, रेत बालू, ऑटो रिक्शा वार्षिक लाईसेंस शुल्क आदि का ठेका नहीं हो पाया। इस दौरान नगर पालिका की आय प्रभावित हुई है। अब 28 फरवरी को पालिका के सभागार में नगर पालिका की बोर्ड बैठक होने जा रही है। इस बोर्ड बैठक के एजेंडे में यह प्रस्ताव शामिल किया गया है। सात मदों की निर्धारित शुल्क वसूली हेतु ई निविदाए छोडे जाने के लिए मदवार निविदा राशियों का निर्धारण पालिका की आयहित को देखते हुए किया जाना अपेक्षति है। वर्ष 2025-26 के लिए उक्त मदवार निविदाओं की निविदा राशि के मद्देनजर निविदाए प्राप्त नहीं हो पायी है। जिस कारण निविदाए आवंटित नहीं हो सकी। इस लिए उक्त मदवार निविदा राशियों के निर्धारण के विषय पर बोर्ड बैठक में विचार किया जाएगा।







