मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

जनगणना 2027 के संबंध में सोमवार को कलेक्ट्रेट में स्थित एनआईसी मीटिंग हॉल में सीडीओ कंडारकर कमल किशोर देशभूषण की अध्यक्षा में बैठक हुई है। बैठक में जिला जनगणना समन्वय समिति एवं नामित इंचार्ज अधिकारी आदि शामिल रहे। बैठक में आगामी जनगणना को सुचारु, पारदर्शी एवं समयबद्ध रूप से संपन्न कराए जाने हेतु विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जनगणना कार्य के दौरान गोपनीयता एवं डाटा की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा उदासीनता को गंभीरता से लिया जाएगा।
सीडीओ के द्वारा जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों को उनके दायित्वों एवं जिम्मेदारियों से अवगत कराते हुए निर्देश दिए गए कि भारत सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरश: पालन सुनिश्चित किया जाए। जनगणना कार्य में विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया, जिससे किसी भी स्तर पर कार्य में बाधा उत्पन्न न हो। एडीएम वित्त एवं राजस्व गजेन्द्र कुमार के द्वारा अपने अधिनस्थ अधिकारियों को बताया गया कि जनगणना 2027 एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। जिसके अन्तर्गत ससमय अपने-अपने क्षेत्र की हाउस लिस्टिंग एवं ब्लॉक लिस्टिंग का कार्य पूर्ण कराया जाएं। जनगणना-2027 में प्रत्येक नागरिक की सही एवं पूर्ण जानकारी का संकलन आवश्यक है। इसके लिए क्षेत्रीय स्तर पर कार्मिकों की उपलब्धता, प्रशिक्षण, लॉजिस्टिक व्यवस्था, सूचना प्रौद्योगिकी संसाधनों तथा जनजागरूकता से संबंधित पहलुओं पर भी चर्चा की गई।







