मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

शुक्रवार को शहर और देहात क्षेत्र में दिनभर बत्ती गुल रही। वहीं गुरुवार की रात्रि में भी अंधेरा छाया रहा। कई स्थानों पर एबीसी केबिल और तार आदि को बदलने का कार्य चला। जिस कारण सप्लाई प्रभावित रही। वहीं दूसरी और अधिक कोहरे के साथ आयी पानी बूंदों के कारण लाइनों में फाल्ट और तार टूटने के शिकायत रही। सुबह के समय आपूर्ति ठप होने के कारण शहर के कई इलाकों में पानी की सप्लाई प्रभावित बनी रही। जिस कारण स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पडा।
कडाके की ठंड और अधिक कोहरे के कारण शहर से लेकर देहात क्षेत्र तक बिजली आपूर्ति बाधित बनी हुई है। गुरुवार की देर रात्रि में अधिक कोहरे के साथ पानी के बूंदों की बौछार भी शुरू हो गई। जिस कारण रोहाना, बधाईकलां, मेरठ रोड, जानस रोड, पचेंडा रोड, भोपा, जौली रोड आदि स्थानों पर हाईटेंशन लाइनों में फाल्ट हो गया। वहीं कुछ बिजलीघर टाउन हाल, नुमाईश कैम्प, सुजडू, मिमलाना रोड, शामली रोड, महावीर चौक आदि बिजलीघरों के कुछ फीडरों से सप्लाई बंद हो गई। जिस कारण आधे से अधिक शहर में अंधेरा छाया रहा। उधर रोहना बिजलीघर में तकनीकी खराबी आने के कारण रात्रि में दर्जनों गांव में अंधेरा छाया रहा। शुक्रवार की सुबह रोहाना बिजलीघर में एबीसी केबिल डालने का कार्य चला। जिस कारण रात्रि 8 बजे तक सभी बिजली सप्लाई चालू नहीं हो पायी। उधर शहर में नई मंडी क्षेत्र, गांधी कालोनी आदि स्थानों पर पावर कारपोरेशन के द्वारा कार्य किया गया। जिस कारण शॅटडाउन रहा है।







