लखनऊ। हिंदुस्तान सिटी न्यूज

उत्तर प्रदेश सरकार ने मकर संक्रांति के सार्वजनिक अवकाश की तारीख में बदलाव किया है। अब प्रदेश में मकर संक्रांति का अवकाश 14 जनवरी की बजाय 15 जनवरी 2026 को रहेगा। इस संबंध में योगी सरकार ने आदेश जारी कर दिया है। 15 जनवरी को सभी सरकारी कार्यालयों और बैंक बंद रहेंगे।
शासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर 2025 को जारी की गई अवकाश सूची में मकर संक्रांति के अवसर पर 14 जनवरी 2026 को निर्बंधित अवकाश घोषित किया गया था। बाद में शासन स्तर पर सम्यक विचार-विमर्श के बाद इस निर्णय में संशोधन करते हुए 15 जनवरी को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।
मकर संक्रांति के दिन सूर्य धनु राशि से निकलकर मकर राशि में प्रवेश करते हैं, जिसे उत्तरायण की शुरुआत माना जाता है। सूर्य का मकर राशि में प्रवेश करना ही संक्रांति कहलाता है। इस पर्व पर गुड़ के लड्डू, खिचड़ी और उड़द का दान विशेष पुण्यदायी माना गया है। विष्णु पुराण के अनुसार, चावल के दान में किसी प्रकार का दोष नहीं लगता।
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, इस बार संक्रांति का पुण्य काल 15 जनवरी को रहेगा। सूर्य मकर राशि में रात्रि काल में प्रवेश करेंगे, इसलिए अगले दिन 15 जनवरी को ही संक्रांति का पर्व मनाया जाएगा। इस दिन जप, तप, दान, स्नान, श्राद्ध और तर्पण का विशेष महत्व है। मान्यता है कि मकर संक्रांति के दिन दीर्घायु और निरोगी रहने के लिए तेल, आहार और वस्त्र का दान करना शुभ फल देता है। भगवान विष्णु को पीले रंग की वस्तुएं प्रिय मानी जाती हैं, इसलिए पूजा के दौरान पीले फूल, फल और वस्त्र अर्पित करने का विशेष महत्व है।







