मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

अब पावर कारपोरेशन को शहरी क्षेत्र में बिजली का पोल लगाने के लिए नगर पालिका की अनुमति लेनी होगी। इसके लिए पालिका के जलकल विभाग ने पावर कारपोरेशन के अधिकारियों को पत्र भेजा है। पावर कारपोरेशन के कर्मचारी कई बार पोल लगाने का दौरान नगर पालिका की पाइप लाइन को क्षतिग्रस्त कर चुके है।
नगर पालिका इन्द्रौर की घटना को लेकर पूरी तरह से सक्रिय बनी हुई है। शहर की पेयजलापूर्ति को लेकर छोटी से छोटी बात को गंभीरता से लिया जा रहा है। अभी हाल में पावर कारपोरेशन के कर्मचारियों के द्वारा अवध विहार में बिजली का पोल लगाया गया है। इस पोल को लगाने के लिए नगर पालिका की पाइप लाइन को तोड दिया गया। जिस कारण अवध विहार, मीनाक्षीपुरम और आस पास के गली मोहल्लों में पानी की सप्लाई दूषित हो गई। टंकियों से गंदा पानी आने से स्थानीय लोग इंद्रौर की घटना का याद कर भयभीत हो गए। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना नगर पालिका के अधिकारियों को दी। पालिका के जलकल विभाग ने मौके पर पहुंच कर जांच पडताल कराई। जांच के दौरान पता चला कि पावर कारपोरेशन के कर्मचारियों ने पोल लगाने के दौरान पानी की पाइप लाइन को क्षतिग्रस्त कर दिया। जलकल विभाग के एई अनुज कुमार ने उक्त पाइप लाइन को सहीं कराया और पेयजलापूर्ति को दुरूस्त कराया है।

इन्होंने बताया
शहर की पेयजलापूर्ति के संबंध में पावर कारपोरेशन के अधिकारियों को पत्र भेजा गया है। जिसमें कहा गया है कि शहर में किसी की स्थान पर पोल लगाने से पहले एक बार नगर पालिका को सूचित किया जाए। ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि उक्त स्थान पर कोई पानी की पाइप लाइन को नहीं है।
अनुज कुमार, एई जलकल नगर पालिका






