मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

डीएम उमेश मिश्रा के द्वारा पात्र व्यक्तियों को रैन बसेरों में पहुंचाने के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। उन्होनें इसके लिये सभी उप जिलाधिकारी, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका/नगर पंचायत तथा पुलिस विभाग को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है कि रात्रि में गश्त के दौरान उन्हें कोई व्यक्ति ऐसा मिलता है, जिनके पास रात्रि में आश्रय की सुविधा नहीं है, उन्हें निकटतम रैन बसेरे में पहुंचाया जाये। ताकि कोई भी व्यक्ति रात्रि में खुले में अथवा फुटपाथ पर सोने के लिये बाध्य न हो।
डीएम उमेश मिश्रा व एसएसपी संजय सिंह वर्मा के द्वारा जिला चिकित्सालय परिसर में संचालित रैन बसेरे तथा रेलवे रोड पर संचालित रैन बसेरे का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों के द्वारा रैन बसेरों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का गहनता से जायजा लिया गया। उन्होंने रैन बसेरों में ठहरने वाले नागरिकों के लिए साफ-सुथरे बिस्तर, पर्याप्त कंबल, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय एवं स्वच्छता की स्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही उन्होंने निर्देशित किया कि रैन बसेरों में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो तथा जरूरतमंद व्यक्तियों को प्राथमिकता के आधार पर आश्रय उपलब्ध कराया जाए। इसके उपरांत रेलवे रोड पर भ्रमण किया गया। इस दौरान रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की प्रतीक्षा में रुके यात्रियों को भी रैन बसेरे की सुविधाओं के बारे में जानकारी उपलब्ध कराई गई। एडीएम वित्त एवं राजस्व गजेन्द्र कुमार ने बताया कि जिला आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण व शासन की यह मंशा है कि कोई भी व्यक्ति इस मौसम में खुले आसमान के नीचे न सोये। इस सम्बन्ध में पुलिस विभाग को भी पत्र लिखा गया है। उन्होंने बताया कि सभी थानो व अधिकारियों को रैन बसेरों की सूची उपलब्ध करा दी गयी है। नगर क्षेत्र में टाउन हॉल व रेलवे स्टेशन पर रैन बसेरे स्थापित हैं। मीरापुर, जानसठ, खतौली, बुढाना, पुरकाजी, सिसौली, चरथावल, भोकरहेडी व शाहपुर में पालिका/नगर पंचायत कार्यालयों में रैन बसेरे स्थापित किये गये हैं, जहां जरूरतमन्दों को रात्रि विश्राम की सुविधा दी गयी है। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गजेन्द्र कुमार ने बताया कि कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित इमरजेन्सी ऑपरेशन सेन्टर में हैल्पलाईन नंबर 1077, 9412210080 व 0131-2433023 पर मदद मांगी जा सकती है। उन्होनें बताया कि ठण्ड में किसी प्रकार की कोई क्षति न हो, इसके लिये यह हैल्पलाईन 24 घंटे सक्रिय रहेगी।







