मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

जनपद में चल रहे विकास कार्यों में गडबडझाला हो रहा है। जिसपर अधिकारियों का कोई विशेष ध्यान नहीं है। संबंधित विभागीय अधिकारियों और ठेकेदारों की मिलीभगत से इस गडबडझाले को बढावा दिया जा रहा है। शिकायत होने पर हुई जांच के उक्त मामले में प्रकाश में आ रहे है। नगर पालिका के दो नाला निर्माण में खामियां प्रकाश में आयी है। सिंचाई विभाग की तीन सड़कों में खामियां मिली है। डीएम के द्वारा सड़कों की जांच रिपोर्ट शासन को भी भेजी गई है।
नगर पालिका के द्वारा शहरी क्षेत्र में काफी निर्माण कार्य कराए जा रहे है, लेकिन उक्त निर्माणों कार्यों का उच्चाधिकारियों के द्वारा निरीक्षण नहीं किया जा रहा है। जिस कारण अनियमितताओं को बढावा मिल रहा है। सभासद सीमा जैन की शिकायत पर चेयरपर्सन ने पटेल नगर रजवाहा रोड पर चल रहे निर्माण का निरीक्षण किया। इस दौरान काफी खामियां प्रकाश में आयी। चेयरपर्सन ने जेई कपिल कुमार को उक्त कार्य से मुक्त कर दिया, लेकिन संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। शाहबुद्दीनपुर रोड पर निर्माणाधीन नाला दो जगह पर लीकेज हो गया। जिस पर स्थानीय लोगों ने हंगामा भी किया। इस मामले में भी संबंधित ठेकेदार को चेतावनी देकर छोड दिया गया। उधर समाजसेवी सुमित मलिक के द्वारा गांव पीनना में रजवाहा रोड पर सिंचाई विभाग के द्वारा बनाई गई सड़क की शिकायत की गई। यह सड़क करीब 31.52 लाख से बनाई गई है। इस सड़क का निर्माण मेसर्स अनंत बिल्डर्स के द्वारा किया गया है। वहीं चरथावल के गांव बुडीना खुर्द में सिंचाई विभाग के द्वारा दो सड़कों का निर्माण कराया गया है। जिसका बजट 30.59 लाख रुपये और 27.59 लाख रुपए रहा है। इन दोनों सड़कों का निर्माण चौधरी बिल्डर्स ने किया। सीडीओ की जांच में तीनों सड़क अधोमानक पाई गई है। बुडीनाखुर्द गांव के समीप बनी दोनों सड़क की मोटाई मानक से कम मिली। वहीं तीनों सड़कों में तारकोल का प्रयोग काफी कम पाया गया। सड़कों की ऊपरी भाग पर तारकोल का स्प्रे सड़क मजबूत दिखाने के लिए किया गया। डीएम के द्वारा उक्त जांच रिपोर्ट शासन को भेजी गई है।







