मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

बुढाना ब्लाक के गांव खरड में बन रहा मिनी ग्रामीण स्टेडियम का निर्माण कुछ किसानों के विरोध के चलते रूक गया है। कुछ किसानों के द्वारा मिनी ग्रामीण स्टेडियम के बीच में से रास्ते की डिमांड की जा रही है। विरोध के चलते कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम सहारनपुर ने उक्त निर्माण कार्य को रोक दिया है। करीब 3.85 करोड की प्रथम किश्त जारी होने के बाद यहां पर करीब पांच प्रतिशत ही काम हो पाया है।
जिला युवा कल्याण विभाग के द्वारा बुढाना के गांव खरड में मिनी ग्रामीण स्टेडियम बनाने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया था। अप्रैल माह 2025 में शासन स्तर से खरड में मिनी ग्रामीण स्टेडियम बनाने के लिए स्वीकृति मिल गई थी। इसके बाद शासन को स्टेडियम के निर्माण को करीब 7.71 करोड की डीपीआर भेजी गई। शासन स्तर अप्रैल माह में 3.85 करोड की प्रथम किश्त स्टेडियम के निर्माण के लिए जारी हो गए है। शेष धनराशि आधा कार्य पूर्ण होने के बाद शासन स्तर से आएगी। खरड में करीब 20 बीघा भूमि का चयन मिनी ग्रामीण स्टेडियम के लिए किया गया है। मिनी ग्रामीण स्टेडियम के लिए भूमि की चार दीवारी कराई जाएगी। यहां पर मल्टीपर्पज हॉल, चेंजिंग रूम, शौचालय, करीब 400 मीटर का ट्रैक आदि का निर्माण कराया जाएगा। कुछ किसानों के विरोध के चलते उक्त निर्माण रूक गया है।

इन्होंने बताया
बुढाना के गांव खरड में मिनी ग्रामीण स्टेडियम के निर्माण के लिए करीब 3.85 करोड की प्रथम किश्त आयी हुई है। यहां पर अभी पांच प्रतिशत ही निर्माण कार्य हो पाया है। कुछ किसानों के द्वारा स्टेडियम के बीच में से रास्ता मांगा जा रहा है। जिस कारण विरोध बना हुआ है। इस संबंध में सीडीओ को जानकारी दी जाएगी।
राहुल तेवतिया, प्रभारी जिला युवा कल्याण अधिकारी






