मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत जनपद में करीब 6194 घर सौर ऊर्जा से रोशन हो रहे है। इन सभी घरों में सोलर पैनल की स्थापना हो चुकी है। वहीं करीब 5542 लाभार्थियों के खातों में सब्सिडी पहुंच गई है। इस योजना के लिए करीब 12690 लोगों ने आवेदन किया हुआ है। जिसमें से 10404 लाभार्थियों ने सोलर पैनल लगवाने के लिए वैंडर का चयन भी कर लिया है। भारत सरकार की इस महत्व पूर्ण योजना में बैंक स्तर पर लाभार्थियों का सहयोग नहीं किया जा रहा है। उन्हें समय पर लोन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। जिस कारण जनपद में लक्ष्य पूरा नहीं हो रहा है।
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का 13 फरवरी 2024 को शुभांरभ हुआ था। इस योजना के अन्तर्गत घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं के घरों पर ऑनग्रिड सोलर पावर प्लांट लगाये जा रहे है। जिस पर भारत सरकार व राज्य सरकार द्वारा अनुदान दिया जा रहा है। जनपद मुजफ्फरनगर में करीब 15,670 घरेलू विद्युत उपभोक्ताआें के घरों में सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाने का लक्ष्य रखा गया है। जिसमें घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं को सोलर पावर प्लांट के लिए आवेदन करने के लिए बिजली का बिल, आधार कार्ड, बैंक पास बुक, 1 फोटो की आवश्यकता होती है। जनपद में 87 वैण्डर्स है। जो लाभार्थी का नि:शुल्क रजिस्ट्रेशन करते है। यूपीनेडा परियोजना प्रभारी भजन सिंह ने बताया कि अभी तक जनपद में 12690 आवेदन प्राप्त हुए है। जिसमें 10404 लाभार्थियों ने वैण्डर चयन किया हुआ है। 6194 लाभार्थियों के घरों पर संयंत्र स्थापित किये गये है तथा 5542 लाभार्थियों को अनुदान प्राप्त हो गया है। इस योजना में मुख्य भूमिका बैंक की है। अधिकतर लाभार्थियों द्वारा लोन लेकर संयंत्र लगवाये जाते है, लेकिन बैंको द्वारा लोन लाभार्थियों को शीघ्र उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। वहीं अनावश्यक कागजात की भी मांग की जा रही है।







