मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में दीपों उत्सव मेले का ठेका करीब 3.90 करोड में छूटा है। इसमें जीएसटी भी शामिल बताई जा रही है। यह ठेका दिल्ली की धर्म कंस्ट्रक्शंस एंड डेवलपर्स फर्म को मिला है। 14 अक्टूबर से नुमाईश मैदान में दीपावली मेला शुरू हो जाएगा। यह आयोजन करीब 25 दिन तक चलेगा।
शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन ने दीपोत्सव मेला आयोजित कराने का निर्णय लिया है। यह मेला 14 अक्टूबर से 07 नवम्बर तक नुमाइश मैदान पर आयोजित करने की तैयारी है। शुक्रवार को जिला कृषि एवं औद्योगिक प्रदर्शनी समिति द्वारा टेंडर प्रक्रिया पूर्ण की गई है। इस दौरान जिला प्रशासन के पास तीन कंपनियों के टेंडर प्राप्त हुए है। जिनमें धर्म कंस्ट्रक्शंस एंड डेवलपर्स ने 2 करोड़ 88 लाख रुपए का सर्वाधिक टेंडर दिया। इसके बाद जिला एग्जिबिशन कमेटी के निर्णयानुसार बोली प्रक्रिया आयोजित की गई। जिसमें धर्म कंस्ट्रक्शंस एंड डेवलपर्स ने 3 करोड़ 30 लाख रुपए प्लस 18 प्रतिशत जीएसटी की सर्वाधिक बोली लगाई। 3.30 करोड़ की अंतिम बोली को स्वीकार करते हुए ठेका स्वीकार कर लिया गया। इसमें जीएसटी के करीब 60 लाख रुपये भी अलग से शामिल है। उक्त फर्म प्रदर्शनी समिति को 25 दिन की नुमाइश के ठेके के लिए 3.90 करोड़ रुपये का भुगतान करेगी। एडीएम प्रशासन संजय सिंह ने बताया कि डिस्ट्रिक एग्जिबिशन कमेटी ट्रेड फेयर मेला 2025 के लिए सर्वप्रथम टेंडर आमंत्रित किए गए थे। यह ठेका धर्म कंस्ट्रक्शंस एंड डेवलपर्स को 3.90 करोड में मिला है। बताया जाता है कि प्रदर्शनी समिति ने साल 2024 में भी दीपावली मेला आयोजित कराने के लिए टेंडर निकाले थे। इसमें सर्वाधिक बोली 2.51 करोड़ के आधार पर ठेका स्वीकृत कर लिया गया था। इसमें 18 प्रतिशत जीएसटी को शामिल करते हुए ठेका करीब 2.66 करोड़ रुपये में हुआ था।







