मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज


जिला पंचायत के सभागार में आयोजित किसान दिवस में पुरबालियान की चकबंदी को लेकर जमकर हंगामा हुआ है। पुरबालियान में 37 साल से चली आ रही चकबंदी को लेकर गंभीर आरोप लगाए है। किसानों ने कहा कि यहां पर दलित आबादी की खाली बडी भूमि को चकबंदी विभाग के अधिकारी के द्वारा बेचा जा रहा है। किसानों ने चकबंदी सीओ पर गंभीर आरोप लगाते हुए सस्पेंड करने की मांग की है। किसानों ने कहा कि टूटी सड़कों के कारण कोई हादसा होता है तो इसका हरजाना पीडब्ल्यूडी से लिया जाएगा। किसानों ने स्मार्ट मीटर और भोपा रोड पर फैक्ट्रियों के द्वारा किए जा रहे प्रदूषण को लेकर कडी नाराजगी जताई है। उधर एक महिला किसान नेता अपनी बात रखने को लेकर एसपी सिटी से नाराज हो गई।
किसान दिवस में शिकायतों को गंभीरता से न लिए जाने पर किसानों ने कडी नाराजगी जताई है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसान दिवस को मजाक न बनाया जाए। किसान दिवस में पुरबालियान की चकबंदी का मामला जमकर उछला है। किसान राहुल ने आरोप लगाया कि गांव में दलित आबादी की भूमि को बेचा जा रहा है। वहां यहां पर स्टेडियम बनाने का प्रयास किया जा रहा है। जबकि डीएम ने उक्त करीब 18 बीघा भूमि पर दलितों को कब्जा दिलाने की बात कही थी। राहुल ने कहा कि यदि दलितों को भूमि पर कब्जा नहीं मिला तो एक सप्ताह बाद पुरबालियान के सभी 1400 दलित हाईवे पर आकर चकबंदी विभाग के अधिकारियों का पुतला फुकेंगे। किसानों ने चकबंदी सीओ कल्याण प्रताप सिंह पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं वहीं उन्हें सस्पेंड करने की मांग की है। उधर चंधेडी निवासी प्रवीण ने भी लेखपाल राहुल और कानूनगो हरेन्द्र, राजेश पर कार्रवाई की मांग की है। किसानों ने कहा कि गांव जट नगला से लेकर रोहाना मिल तक का मुख्य मार्ग बुरी तरह से टूटा हुआ है। यहां पर कोई दुर्घटना होती है तो लोक निर्माण विभाग इसका हरजाना भरेगा। किसानों ने स्मार्ट मीटर का भी जमकर विरोध किया है। इस दौरान एडीएम प्रशासन संजय कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट प्रकाश राठौर, एसपी सिटी सत्यनारायण, उप कृषि निर्देशक प्रमोद सिरोही, जिला कृषि अधिकारी राहुल तेवतिया, भाकियू जिला अध्यक्ष नवीन राठी, अंकित चौधरी, नीरज पहलवान, अशोक, राजपाल, विनोद, महेंद्र, डब्बू चौधरी आदि मौजूद रहे।

एडीएम प्रशासन ने दिया जांच कराने का आश्वासन
पुरबालियान की चकबंदी को लेकर किसानों के द्वारा सीओ चकबंदी पर लगाए गए आरोपों की जांच कराई जाएगी। किसानों से साक्ष्य भी मांगे गए है। जांच पूरी होने पर सीओ चकबंदी कल्यान प्रताप सिंह पर कार्रवाई की जाएगी।
संजय कुमार सिंह, एडीएम प्रशासन
किसानों पर मुकदमा लिखवाने वाले का कर देगे इलाज
मुजफ्फरनगर। किसानों ने बिजली विभाग के एक एक्सईएन पर अभद्रता करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि एक्सईएन ने किसानों पर मुकदमा दर्ज कराने की चेतावनी दी है। इस बात से नाराज किसानों ने कहा कि यदि किसी भी किसान पर मुकदमा लिखवाया गया जो संबंधित तक अच्छा इलाज किया जाएगा।
कार्रवाई के नाम पर हो रही खान्नापूर्ति
मुजफ्फरनगर। किसान दिवस में भोपा रोड पर स्थित फैक्ट्रियों के द्वारा किए जा रहे प्रदूषण को लेकर कडी नाराजगी जताई गई है। किसानों ने कहा कि प्रदूषण विभाग के द्वारा कार्रवाई के नाम पर खान्नापूर्ति की जा रही है। किसान नेता अंकित चौधरी ने कहा कि स्थानीय लोगों का प्रदूषण से बुरा हाल है। अधिकारी उनके साथ चले और बताए कि उक्त 17 फैक्ट्रियों से कोई प्रदूषण नहीं हो रहा है।
भाकियू अ. के किसान बीच में छोडकर चले गए किसान दिवस
मुजफ्फरनगर। भाकियू अराजनैतिक के कुछ किसानों ने बताया कि किसान अपने खेत से भरा करने के लिए मिट्टी लाता है तो लेखपाल व तहसील के अधिकारी कार्रवाई करने के लिए पहुंच जाते है। वहीं जनपद में बडे स्तर पर मिट्टी खनन का कार्य हो रहा है। उन पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। मिमलाना, कल्लरपुर कछौली, दीदाहेडी आदि जंगलों से खनन हो रहा है। अपनी बात रखने के बाद किसान अधिकारियों पर नाराज होते हुए वहां से चले गए।






