मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

जनपद के करीब छह बिजलीघरों से सबसे अधिक बिजली कटौती हो रही है। इन छह बिजलीघरों से अघोषित कटौती, रोस्टिंग, ट्रिपिंग आदि कारणों के चलते घंटों तक आपूर्ति बंद रहती है। जिस कारण उपभोक्ता काफी परेशान है। रोहाना और मिमलाना रोड बिजलीघर की सप्लाई ने उपभोक्ताओं को रूलाया हुआ है। पिछले पांच दिनों से इन दोनों बिजलीघरों से खराब सप्लाई को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। आरोप है कि बिजलीघर के कर्मचारी और जेई फोन भी नहीं उठाते है।
जनपद में करीब 120 से अधिक बिजलीघर है। इनमें से छह बिजलीघरों की बिजली सप्लाई सबसे अधिक खराब बताई जा रही है। इन बिजलीघरों की खराब सप्लाई को लेकर उपभोक्ता काफी परेशान है। मिमलाना रोड, शामली रोड, महावीर चौक, रोहाना, रूडकी रोड, नुमाईश कैम्प से कई-कई घंटे बिजली आपूर्ति गायब रहती है। मिमलाना रोड और रोहाना बिजलीघर से सप्लाई का बुरा हाल है। रोहाना बिजलीघर की क्षमता वृद्धि होने के बाद भी बिजली सप्लाई में कोई सुधार नहीं हुआ है। इस बिजलीघर से करीब 15 से अधिक गांव जुडे हुए है। पांच दिनों से रोहाना और मिमलाना रोड बिजलीघर से दिन में सप्लाई ना मात्र के लिए मिल रही है। ऐसे में उपभोक्ताओं में काफी रोष बना हुआ है। उधर महावीर चौक बिजलीघर पर 33केवी लाइन का तार टूट गया। जिसे सहीं करने में करीब तीन घंटे कर्मचारियों को लगे है। अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार यादव का कहना है कि सप्लाई में सुधार करने के प्रयास किए जा रहे है। बारिश होने के कारण सप्लाई कुछ स्थानों पर प्रभावित है।
दुकानदारों ने बिजली कर्मचारियों का घेराव कर किया हंगामा
– भोपा रोड पर ट्रक की टक्कर से हाईटेंशन लाइन पोल हुआ क्षतिग्रस्त, कई दुकानदारों में फुंक गए मीटर
– लाइन को जोडने के लिए गए कर्मचारियों को घंटों तक झेलना पडा दुकानदारों का विरोध
मुजफ्फरनगर संवाददाता
भोपा रोड पर एक ट्रक की टक्कर से हाईटेंशन लाइन का पोल क्षतिग्रस्त हो गया और लाइन भी टूट गई। इस दौरान कई दुकानदारों के मीटर भी फुंक गए। सूचना मिलने पर लाइन जोडने के लिए मौके पर पहुंचे बिजली कर्मचारियों का गुस्साए दुकानदारों ने घेराव कर लिया। दुकानदारों ने घंटों तक जमकर हंगामा किया।
शुक्रवार सुबह भोपा रोड पर तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने सड़क किराने खडे हाईटेंशन लाइन के पोल में टक्कर मार दी। इस दौरान लाइन व पोल क्षतिग्रस्त हो गया। 33केवी की लाइन टूटकर एलटी लाइन पर गिर गई। जिससे अचानक वोल्टेज हाई हो गए और चार-पांच दुकानों के मीटर फुंक गए। वहीं संबंधित क्षेत्र की आपूर्ति ठप हो गई। उधर जानकारी मिलने पर बिजली विभाग के कर्मचारी लाइन को जोडने के लिए मौके पर पहुंचे। गुस्साए लोगों ने उनका विरोध करते हुए घेराव कर लिया। दुकानदारों ने हंगामा करते हुए लाइन ठीक करने से पहले दुकानों के फुंके विद्युत मीटरों को लगाने के लिए कहा। इस बीच अवर अभियंता वेदपाल सिंह कर्मचारियों को लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने दुकानदारों को मनाने का प्रयास किया। जेई वेदपाल ने बताया कि भोपा रोड पर ईवान हॉस्पिटल के पास सुबह के समय एक ट्रक चालक ने हाईटेंशन लाइन के विद्युत पोल को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे यह हादसा हुआ। बाद में गुस्साए दुकानदार शांत हो गए और बिजली विभाग के कर्मचारियों ने लाइन को सहीं करने का कार्य शुरू किया।







