मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुज़फ्फरनगर, डॉ. सुनील तेवतिया द्वारा आज जनपद के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया गया।
सबसे पहले उन्होंने उपकेंद्र बच्चन सिंह कॉलोनी एवं वहाँ स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने टीकाकरण औषधियों की उपलब्धता, साफ-सफाई व्यवस्था, रिकॉर्ड संधारण तथा मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का गहन अवलोकन किया।

इसके उपरांत डॉ. सुनील तेवतिया ने अलमासपुर उपकेंद्र एवं हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का भी निरीक्षण किया। यहाँ भी उन्होंने टीकाकरण सेवाओं, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम, परिवार नियोजन, अंतर्गत उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की।
इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने बहादरपुर का दौरा किया। उन्होंने यहाँ स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, स्वास्थ्य उपकेंद्र एवं टीकाकरण सत्र स्थल का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने टीकाकरण व्यवस्था, दवाइयों की उपलब्धता, प्रसूता महिलाओं की देखभाल, रिकॉर्ड संधारण तथा केंद्र पर आ रहे मरीजों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान बहादरपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर कार्यरत स्वीपर कम चौकीदार सत्येंद्र कुमार अनुपस्थित पाए गए, जिस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने उनका वेतन रोकने के आदेश दिए।
इसके बाद डॉ. सुनील तेवतिया ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जानसठ का निरीक्षण किया। यहाँ उन्होंने समग्र स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करने के साथ-साथ टीकाकरण सत्र का भी अवलोकन किया। उन्होंने टीकाकरण टीम को निर्देश दिए कि बच्चों व गर्भवती महिलाओं का पूर्ण लक्ष्य समय पर पूरा किया जाए और लाभार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने संबंधित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को यह निर्देश दिए कि सभी लाभार्थियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराई जाएँ। उन्होंने कहा कि हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ग्रामीण व शहरी जनता को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की सहज उपलब्धता सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं, इसलिए इनकी कार्यप्रणाली में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।






