मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

छपार क्षेत्र के गांव खुड्डा में स्थित सहकारी संघ लिमिटेड उप केन्द्र के पीछे एक परिसर में अनुदानित यूरिया से तैयार हो रहा डीईएफ (डीजल एग्जॉस्ट फ्लुड) के तार मध्य प्रदेश से भी जुडे हुए है। सूत्रों का कहना है कि यहां से डीईएफ तैयार होकर सप्लाई के लिए मध्य प्रदेश में भी जा रहा था। सूत्रों के अनुसार छपार पुलिस ने आरोपित युवक के मोबाइल फोन से मध्य प्रदेश का एक बिल बरामद किया है। जिसके आधार पर पुलिस अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है। बताया जाता है कि यह सारा खेल खुड्डा में स्थित सहकारी संघ लिमिटेड उप केन्द्र की आड में चल रहा था।
जिला कृषि रक्षा अधिकारी राहुल तेवतिया, वरिष्ठ लिपिक राहुल चौधरी, देवेन्द्र चौधरी और छपार पुलिस ने गांव खुड्डा में उक्त स्थान पर छापेमारी करते हुए अनुदानित यूरिया से डीईएफ (डीजल एग्जॉस्ट फ्लुड) बनते हुए पकडा था। यहां पर 55 बैग यूरिया (नीम लेपित), आईपीएल ब्रान्ड के मिले थे। इसके अलावा बाल्टियों में डीईएफ भी रख हुआ मिला। यहां से आरोपित सादिक को पुलिस ने गिरफ्तार किया। वहीं कृषि विभाग की टीम ने नमूने लेते हुए उक्त परिसर और दो गोदाम को सील कर दिया। उधर पुलिस ने आरोपित के मोबाइल फोन से मध्य प्रदेश का एक बिल बरामद किया है। जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि डीईएफ की सप्लाई यहां से मध्य प्रदेश में भी हो रही थी। पुलिस ने इस कारोबार से जुडे अन्य लोगों की भी तलाश शुरू कर दी है।

एसडीओ ने छापेमारी करते हुए पकडी बिजली चोरी
मुजफ्फरनगर। पावर कारपोरेशन के पुरकाजी एसडीओ ने खुड्डा में स्थित सहकारी संघ लिमिटेड उप केन्द्र के पीछे एक अनुदानित यूरिया से तैयार हो रहा डीईएफ (डीजल एग्जॉस्ट फ्लुड) परिसर में बडी बिजली चोरी पकडी है। एसडीओ ने बताया कि मीटर से पहले केबिल में कट लगाकर बिजली चोरी की जा रही थी। मौके पर करीब 12 किलोवॉट से अधिक भार चलता मिला है। इस मामले में बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। डिविजन आफिस से इस मामले में जुर्माना राशि तय की जाएगी।






