मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

शहर और देहात क्षेत्र में स्मार्ट मीटर को लेकर अधिक बिल आने की अफवा फैल रही है। शहरी और देहात क्षेत्र के कुछ उपभोक्ताओं ने अपने स्मार्ट मीटर की जांच को लेकर चेक मीटर लगाए है। जांच पडताल होने पर दोनों मीटर में बिजली की खपत एक समान पायी गई है। यह जांच स्वयं मुख्य अभियंता के निर्देशन में कराई गई है।
मुख्य अभियंता पवन अग्रवाल ने बताया कि विद्युत विभाग उपभोक्ताओं को पारदर्शी और विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति और सही बिल उपलब्ध करवाने के लिए निरन्तर प्रयासरत है। गत माह सिविल लाइन निवासी जगमोहन लाल, आवास विकास कालोनी निवासी सुनीता गोयल, खतौली निवासी जिशान, किशन लाल, अंकित विहार निवासी सुदेश पाल शर्मा, रामपुरी निवासी मांगी, रूडकी रोड निवासी सेवाराम और रामपुरी निवासी प्रदीप कुमार के द्वारा अपने घरों में लगे स्मार्ट मीटर को लेकर शिकायत की गई थी। उपभोक्ताओं के स्मार्ट मीटर पर चेक मीटर लगाकर उनकी खपत की जाँच की गई । इस जाँच में पाया गया कि स्मार्ट मीटर द्वारा पिछले एक माह में दर्ज की गई विद्युत खपत पुराने मीटर (चेक मीटर) में दर्ज की गई खपत के बिल्कुल समान है। दोनों में कोई अन्तर नही पाया गया। जिससे स्पष्ट है कि स्मार्ट मीटर पूर्णत: सटीक है और सही रीडींग प्रदर्शित करते है। स्मार्ट मीटर न तो तेज चलते हैं और न ही इनमें किसी प्रकार की गडबडी है। ये उपभोक्ताओं को वास्तविक खपत के आधार पर ही बिल प्रदान करते हैं। स्मार्ट मीटर एक सामान्य इलेक्ट्रानिक मीटर है। जिसमें डाटा कम्यूनिकेशन हेतु चिप लगायी गयी है। इससे मीटर रीडरों द्वारा उपभोक्ताओं को भ्रामक विवरण देकर गुमराह किये जाने की सम्भावना भी नही रह जाती है।







