मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को परिवहन विभाग की ओर से सड़क सुरक्षा पखवाड़ा-2026 का शुभारंभ किया गया। प्रशासक जिला पंचायत अध्यक्ष डा. वीरपाल निर्वाल एवं नगर पालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने सड़क सुरक्षा प्रचार वाहन और बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वहीं सड़क सुरक्षा पखवाडे की शपथ भी दिलाई है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी देते हुए उनका पालन करने की अपील की गई। चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करना चाहिए। नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें तथा कम उम्र के बच्चों को बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने की अनुमति न दें। इसके साथ ही सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाने और नेक आदमी (गुड सेमेरिटन) बनकर उसकी मदद करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने सड़क सुरक्षा प्रचार वाहन एवं बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक रहने और सड़क सुरक्षा को अपनी जिम्मेदारी समझने का संदेश दिया गया। इस दौरान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) अजय मिश्रा, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) चम्पा लाल, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अनिल कुमार सिंह, परिवहन निगम के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक मोहम्मद आरिफ, यातायात पुलिस अधीक्षक के प्रतिनिधि उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र धारीवाल, यात्री मालकर अधिकारी राजेंद्र श्रीवास्तव, जिला सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य डॉ. राजीव कुमार आदि मौजूद रहे।







