Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » 600 रुपए प्रति गन्ना मूल्य की मांग को लेकर लखनऊ में आयोजित भाकियू की महापंचायत के लिए रवाना हुए किसान

600 रुपए प्रति गन्ना मूल्य की मांग को लेकर लखनऊ में आयोजित भाकियू की महापंचायत के लिए रवाना हुए किसान

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान  सिटी न्यूज

गन्ना मूल्य 600 रुपये प्रति कुंतल घोषित करने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के आह्वान पर जनपद से हजारो की संख्या में किसान लखनऊ के लिए रवाना हुए। भाकियू जिलाध्यक्ष नवीन राठी के नेतृत्व में किसान ट्रेन से लखनऊ के लिए रवाना हुए है। शुक्रवार को लखनऊ स्थित गन्ना भवन पर आयोजित महापंचायत में किसान गन्ना मूल्य बढ़ाने सहित किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाएंगे।
भाकियू किसानों की प्रमुख मांगों को लेकर लगातार आवाज उठा रही है। भाकियू जिलाध्यक्ष नवीन राठी ने कहा कि खेती की लागत में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। खाद, बीज, कीटनाशक, डीजल और कृषि कार्यों में इस्तेमाल होने वाले अन्य संसाधनों के दाम बढ़ने से किसानों पर आर्थिक दबाव बढ़ा है। ऐसे में गन्ने का उचित मूल्य मिलना जरूरी है, ताकि किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य मिल सके।

इसी मांग को प्रमुखता से उठाने के लिए जनपद के किसान लखनऊ में होने वाली महापंचायत में शामिल होने पहुंचे हैं। किसानों की मांग है कि गन्ने का मूल्य बढ़ाकर 600 रुपये प्रति कुंतल किया जाए, जिससे बढ़ती कृषि लागत के बीच किसानों को राहत मिल सके। वहीं बकाया गन्ना भुगतान शीघ्र दिलाया जाए। शुक्रवार को गन्ना भवन पर होने वाली महापंचायत में भाकियू के पदाधिकारी और किसान अपनी मांगों को अधिकारियों के समक्ष रखेंगे। संगठन के नेतृत्व में पहुंचे किसान गन्ना मूल्य निर्धारण के साथ ही किसानों के आर्थिक हितों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा करेंगे। महापंचायत को लेकर भाकियू राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत पहले ही लखनऊ पहुंच गए है। भाकियू पदाधिकारियों ने किसानों से एकजुट होकर अपनी मांगों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया। जनपद से बड़ी संख्या में किसानों के लखनऊ पहुंचने को गन्ना मूल्य बढ़ाने की मांग के समर्थन में संगठन की सक्रियता के रूप में देखा जा रहा है। भाकियू जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में सुमति पचेंडा, संजय त्यागी, मनीष प्रधान, रमेश मलिक, अनुज राठी, योगेश बालियान, हैप्पी बालियान, हरिओम त्यागी, सतेन्द्र चौहान, संजीव पंवार, मोहब्बत अली, अनुपम देवल, अमरजीत सिंह, सतेन्द्र पुंडीर आदि लखनऊ के लिए रवाना हुए है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल