मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

नगर पालिका प्रशासन अनुबंध की शर्तों के अनुसार जेएस एनवायरो सर्विस प्रा.लि. कम्पनी से काम नहीं ले पा रही है। जिस कारण शहर के 55 वार्डों में डोर टू डोर कूडा कलेक्शन की व्यवस्था बेहाल बनी हुई है। शहर के 55 वार्डों में नियमित रूप से डोर टू डोर कूडा नहीं उठ रहा है। शहर में चौतरफा गंदगी फैली हुई है। कम्पनी की खराब परफॉर्मेंस होने के कारण नगर पालिका ईओ विकास कुमार ने कम्पनी के प्रोजेक्ट हेड नीतेश चौधरी को तलब करते हुए फटकार लगाई और कार्य शैली में करने के निर्देश दिए है। ईओ ने चेतावनी दी है कि यदि शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार और अनुबंध की शर्तों के अनुसार काम नहीं किया तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
शहरी क्षेत्र में डोर टू डोर कूडा कलेक्शन और डलावघरों से कूडा उठाने के लिए नगर पालिका ने जेएस एनवायरो सर्विस प्रा.लि. कम्पनी को तीन साल के लिए ठेका दिया हुआ है। इसके लिए नगर पालिका कम्पनी को प्रतिमाह लाखों रुपए का भुगतान भी कर रही है। शहरी क्षेत्र में कम्पनी को काम करते हुए डेढ साल से अधिक हो गया है, लेकिन अभी तक पूरे शहर से डोर टू डोर कूडा उठना शुरू नहीं हुआ है। शहर के 55 वार्डों में नियमत रूप से कूडा नहीं उठ रहा है। सैकडों गली और मोहल्ले ऐसे है जहां पर आज तक कम्पनी की गाडी कूडा कलेक्शन के लिए नहीं गई है। शहर के कुछ मोहल्लो से कूडा लिया जा रहा है। कूडा न उठने के कारण शहरी क्षेत्र में चौतरफा गंदगी फैली हुई है। कम्पनी अनुबंध की शर्तों के अनुसार भी काम नहीं कर रही है। जिस कारण नगर पालिका में ट्रिपिंग फीस भी जमा नहीं हो रही है। पालिका को प्रतिमाह लाखो रुपए की राजस्व हानि हो रही है। इस मामले में ईओ पवन कुमार ने संज्ञान लिया है। उन्होंने कम्पनी के प्रोजेक्ट हेड को कडी चेतावनी कार्यशैली में सुधार करने की दी है। वहीं इस संबंध में ईओ ने चेयरपर्सन को भी अवगत कराया है।

इन्हाेंने बताया
जेएस एनवायरो सर्विस प्रा.लि. कम्पनी के द्वारा सभी घरों से कूडा नहीं उठाने का मामला सामने आया है। कम्पनी के द्वारा कार्य में लगातार लापरवाही की जा रही है। इस संबंध में कम्पनी के प्रोजेक्ट हेड नीतेश चौधरी को तलब किया गया है। उन्हें कार्य शैली में सुधार करने की निर्देश दिए गए है। अनुबंध की शर्तों के अनुसार कार्य न करने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
पवन कुमार, ईओ नगर पालिका






