मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज


सोमवार को नगर मजिस्ट्रेट दीपक कुमार पाल के नेतृत्व में नगर पालिका ईओ पवन कुमार और उनकी टीम ने बडी सख्ती के साथ मेरठ रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान को चलाया है। नगर पालिका के अधिकारियों ने बुलडोजर से अवैध निर्माण, स्थाई और अस्थाई अतिक्रमण को ध्वस्त किया है। वहीं नाले को भी अतिक्रमण से मुक्त किया है। दोबारा से अतिक्रमण करने पर सामान जब्त और जुर्माना वसूलने की चेतावनी दी गई है। इस दौरान अवैध निर्माण और एमडीए का नक्शा न दिखाने पर तीन दुकानदारों को नोटिस दिया गया है। अतिक्रमण की कार्रवाई को लेकर दुकानदारों में दिनभर हडकम्प रहा।


सोमवार को सिटी मजिस्ट्रेट दीपक कुमार पाल और नगर पालिका ईओ पवन कुमार टीम के साथ मीनाक्षी चौक पर पहुंचे। यहां पर दुकानदारों द्वारा सड़क और नालों की सीमा तक सामान रखकर जबरदस्त अतिक्रमण किया हुआ था।

अधिकारियों ने बुलडोजर से अतिक्रमण को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान दुकानदारों में हडकम्प मच गया। मेरठ रोड की ओर आगे मछली बाजार क्षेत्र अतिक्रमण को हटाते हुए सरकारी नाले और सार्वजनिक स्थान को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान कई स्थानों पर दुकानों के आगे बढ़ाकर लगाए गए सामान और अस्थायी ढांचों को बुलडोजर के द्वारा हटाया गया।

सिटी मजिस्ट्रेट ने मौके पर ही पालिका टीम से नालों की सीमा और हदबंदी की पैमाइश कराई। अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नाले और नालियों से पीछे की ओर ही सामान रखा जाए, ताकि जल निकासी में किसी तरह की बाधा उत्पन्न न हो। अतिक्रमण वाले स्थानों को चिह्नित कर संबंधित दुकानदारों और व्यापारियों को नोटिस जारी किए गए। टीम ने लोक निर्माण विभाग के कार्यालय तक अतिक्रमण को हटाया है। इस दौरान नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनु चौधरी, एई निर्माण नेपाल सिंह, राजस्व निरीक्षक अमरजीत सिंह, एसएफआई प्लाक्षा मैनवाल, एसबीएम लिपिक रूचि शर्मा आदि कर्मचारी मौजूद रहे।

नगर मजिस्ट्रेट ने बताया
मीनाक्षी चौक से लोक निर्माण विभाग के कार्यालय तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया है। अवैध निर्माण, स्थाई और अस्थाई अतिक्रमण को बुलडोजर से हटाया गया है। दोबारा से अतिक्रमण करने पर सामान जब्त और जुर्माने की कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। तीन दुकानदारों को नोटिस दिया गया है।
दीपक कुमार पाल, नगर मजिस्ट्रेट






