Home » Uncategorized » मूसलाधार बारिश से शहर बना टापू , नालों से नहीं हुई पानी की निकासी

मूसलाधार बारिश से शहर बना टापू , नालों से नहीं हुई पानी की निकासी

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

मंगलवार को हुई बारिश से लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली, लेकिन जब मूसलाधार बारिश बंद नहीं हुई तो लोगों के लिए आफत बन गई है। बारिश के कारण शहरी क्षेत्र में चौतरफा पानी ही पानी भर गया। नालों से पानी की निकासी न होने के कारण मोहल्ला आबकारी, गणेश चौक, चुंगी नम्बर दो, खालापार, किदवईनगर, न्याजूपुरा, जनकपुरी आदि मोहल्लों में घरों के अंदर तक पानी भर गया। ऐसे में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पडा। पानी भरने के कारण काफी लोगों के घरों में रखा सामान भी खराब हो गया। उधर शहर के मुख्य मार्ग, सड़क भी कई घंटे तक पानी में डूबी रही। इस दौरान यातायात भी काफी प्रभावित रहा है।


पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस के कारण लोगों का बुरा हाल बना हुआ था। सोमवार की देर रात्रि में अचानक मौसम में परिवर्तन हो गया। आकाश में काले बादल छा गए और आकाशीय बिजली भी चमकने लगी। वहीं बादल भी जमकर गरजे और बरसे है। रात्रि में भी रूक-रूक कर बारिश हुई। मंगलवार की सुबह करीब साढे छह बजे मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। करीब एक से डेढ घंटे की बारिश से शहर को टापू बना दिया। शहर के मोहल्ला रामपुरी, जनकपुरी, शाहबुद्दीनपुर रोड, आनंदपुरी, कच्ची सड़क, लद्दावाला, मिमलाना रोड, गणेश चौक, चुंगी नम्बर दो, प्रेमपुरी, कृष्णापुरी, एकता विहार, खालापार, मल्हूपुरा, रामलीला टिल्ला, न्याजूपुरा, आबकारी, हनुमानपुरी, अम्बा विहार, करीमनगर, किदवईनगर, नई मंडी, गांधी कालोनी, आदर्श कालोनी, अंकित विहार, पटेलनगर, गांधी नगर, शिक्षक कालोनी, नुमाईश कैम्प आदि मोहल्लों में पानी भर गया। इतना ही नहीं शहर की आंसरी रोड, कोर्ट रोड, रेलवे रोड, एसडी मार्किट रोड, पानी मंडी, दाल मंडी, प्रकाश चौक, महावीर चौक, शिव चौक आदि मार्गों पर पानी भर गया। शहरी क्षेत्र के कुछ इलाकों में घरों के अंदर भी गंदा पानी भर गया। श्रीराम कालेज के समीप परिक्रमा मार्ग पर जलभराव हो गया। जलभराव के कारण स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पडा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल