मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

जनपद मुजफ्फरनगर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया के निर्देशन में उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार द्वारा शुक्रवार को बघरा में शामली रोड स्थित सिटी हॉस्पिटल का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि उक्त संस्थान केवल यूनानी चिकित्सा पद्धति में ओपीडी संचालन के लिए पंजीकृत था, जबकि वहां पर अवैध रूप से लगभग 11 बेड का अस्पताल संचालित किया जा रहा था। अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर (ओटी), नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (NICU) सहित अन्य चिकित्सीय सुविधाओं का संचालन भी किया जा रहा था, जो पंजीकरण की शर्तों के विपरीत पाया गया।
अनियमितताएं पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सिटी हॉस्पिटल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। साथ ही संचालक को नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब न मिलने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी गई है।
इसके उपरांत स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कांशीराम आवासीय कॉलोनी,शामली रोड स्थित आरोग्यम क्लीनिक पर भी छापेमारी की। जांच के दौरान क्लीनिक के संचालक संजय कुमार मौके पर नहीं मिले। निरीक्षण में क्लीनिक पर अनेक गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। टीम को बड़ी मात्रा में एक्सपायरी दवाइयां, खुले इंजेक्शन, सुइयां (नीडल्स) तथा अन्य चिकित्सीय सामग्री मिली। प्रारंभिक जांच में क्लीनिक का संचालन मानकों के विपरीत एवं संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोग्यम क्लीनिक को सील कर दिया तथा मौके से बरामद सभी एक्सपायरी दवाइयों एवं अन्य आपत्तिजनक चिकित्सीय सामग्री को जब्त कर लिया। मामले में नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों एवं झोलाछाप चिकित्सकों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।





