मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

डीएम उमेश मिश्रा एवं मुख्य विकास अधिकारी कण्डारकर कमल किशोर देशभूषण के निर्देशन में 2026 की थीम “जल संरक्षण का करें संकल्प, इसका नहीं है कोई विकल्प” के साथ भूजल सप्ताह ( 16 जुलाई- 22 जुलाई) के समापन के अवसर पर जिला महिला चिकित्सालय, मुज़फ्फर नगर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।


भूजल सप्ताह समापन समारोह का आयोजन डॉ मुरली भास्कर मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका, जिला महिला चिकित्सालय की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।
डॉ मुरली भास्कर द्वारा जल संरक्षण एवं जल संचयन हेतु उपस्थित सभी को शपथ दिलाई गई एवं रचना के माध्यम से जल संरक्षण हेतु प्रेरित किया गया।
डॉ राजीव कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश में भूजल संरक्षण और वर्षा जल संचयन के प्रति सभी को जागरूक करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष 16 से 22 जुलाई तक भूजल सप्ताह का संचालन किया जाता है। वर्ष 2026 का मुख्य संदेश “जल संरक्षण का करें संकल्प, इसका नहीं है कोई विकल्प” है।
जल प्रकृति का अनमोल उपहार है और भूजल संरक्षण समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कृषि सिंचाई, पेयजल और उद्योगों की अधिकांश जरूरतें भूजल पर निर्भर हैं, इसलिए प्रत्येक नागरिक को जल संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।
राज्य सरकार वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण, रूफटॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग और भूजल के वैज्ञानिक प्रबंधन पर लगातार काम कर रही है।
डॉ नीरज कुमार ने जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहने और भूजल के संतुलित उपयोग का संदेश समाज तक पहुंचाने की अपील की। अस्पताल प्रबन्धक प्रियंका द्वारा प्रेरक कविता के माध्यम से जल बचाने की अपील की गई।
जल संरक्षण पर आधारित चित्रकला प्रतियोगिता, जल गीत, कविता, भाषण और अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से जल बचाने का संदेश दिया गया। भूजल प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
डॉ राजीव कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार के ‘जल संचय जनभागीदारी: कैच द रेन-2026’ अभियान को जल संरक्षण हेतु जनभागीदारी के माध्यम से जनआंदोलन बनाना जरूरी है।
वर्षा जल की हर बूंद बचाने, अनावश्यक भूजल दोहन रोकने, पांच अन्य लोगों को जल संरक्षण के लिए प्रेरित करने, ‘एक पेड़ मां के नाम’ लगाने और प्रतिदिन एक लोटा पानी बचाने का संकल्प लेने की अपील की।
कार्यक्रम में मिस मैरी, शिवानी मजूमदार, अनामिका, काव्या एवं सविता को उपहार भेंटकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का सुंदर संचालन सबा रानी सहायता केंद्र प्रबंधक द्वारा किया गया। श्वेता द्वारा उपस्थित सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।





