मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज
सोमवार को डीजीपी राजीव कृष्ण ने मुजफ्फरनगर में पहुंच कर कांवड मार्ग का निरीक्षण किया है। वहीं पुलिस अधिकारियों के साथ पुलिस लाइन में बैठक भी की है। उन्होंने शिव चौक पर पहुंचकर भगवान आशुतोष की पूजा अर्चना भी की है। इस दौरान उनके साथ मेरठ जोन के एडीजी भानु भास्कर,सहारनपुर रेंज के डीआईजी अभिषेक सिंह और एसएसपी, एसपी सिटी आदि पुलिस अधिाकरी मौजूद रहे। उधर मेरठ स्थित मंडलायुक्त सभागार में उत्तर प्रदेश शासन के मुख्य सचिव एस.पी. गोयल एवं पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण की संयुक्त अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मेरठ, सहारनपुर, अलीगढ़ और मुरादाबाद मंडलों के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों से उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने भौतिक व वर्चुअल माध्यम से भाग लिया। मेरठ आगमन पर मंडलायुक्त भानू चन्द्र गोस्वामी और एडीजी भानु भास्कर ने मुख्य सचिव व डीजीपी का मोमेंटो, पौधा और शॉल भेंटकर स्वागत किया। इसके पश्चात मुख्य सचिव ने बाबा औघड़नाथ मंदिर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा वहां जलाभिषेक भी किया। मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने कहा कि कांवड़ यात्रा एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं विशाल आयोजन है। इसे बिना किसी अप्रिय घटना या दुर्घटना के संपन्न कराना सभी विभागों का साझा दायित्व है। उन्होंने अधिकारियों को ‘जीरो इंसिडेंट, जीरो एक्सीडेंट’ का लक्ष्य हासिल करने के स्पष्ट निर्देश दिए। सम्पूर्ण कांवड़ मार्ग पर नियमित साफ-सफाई और सैनिटेशन की व्यवस्था हो। कांवड़ शिविरों को विद्युत कनेक्शन, अग्नि सुरक्षा और खाद्य सुरक्षा मानकों के तहत ही अनुमति दी जाए। कांवड़ मार्गों पर चिकित्सा शिविर, बाइक एम्बुलेंस तथा अस्पतालों में बेड आरक्षित रखे जाएं।
विद्युत पोलों को पॉलीथिन से ढकने, ट्रांसफार्मरों की बैरिकेडिंग, सड़कों का पैचवर्क, गोताखोरों की तैनाती, सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी सुनिश्चित की जाए।
प्रतिबंध: कांवड़ मार्गों पर शराब और मीट की दुकानें संचालित न हों तथा होटल-ढाबों पर रेट लिस्ट स्पष्ट रूप से प्रदर्शित हो।डीजीपी राजीव कृष्ण ने अंतरराज्यीय समन्वय पर विशेष जोर देते हुए कहा कि पड़ोसी राज्यों के एंट्री पॉइंट्स और चेक पोस्ट पर सतत संपर्क बनाए रखा जाए, ताकि यातायात डायवर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो। डीजे का संचालन उच्चतम न्यायालय द्वारा निर्धारित ध्वनि मानकों और ऊंचाई के अनुरूप ही होगा। डीजे प्रतियोगिता, बिना साइलेंसर के वाहन चलाने और स्टंटबाजी पर सख्त प्रतिबंध रहेगा। सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक खबरों, अफवाहों और फेक नैरेटिव पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। ऐसे मामलों में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। समीक्षा बैठक में एडीजी भानु भास्कर, मेरठ मंडलायुक्त भानू चन्द्र गोस्वामी, डीआईजी कलानिधि नैथानी, सहारनपुर मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार, सहारनपुर डीआईजी अभिषेक सिंह, मेरठ जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह, एसएसपी मेरठ अविनाश पांडे, पीवीवीएनएल प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता, नगर आयुक्त सौरभ गंगवार सहित कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारी प्रत्यक्ष एवं वर्चुअल माध्यम से मौजूद रहे।
Author: हिंदुस्तान सिटी न्यूज़
Post Views: 168





