मुजफ्फरनगर। हिंदुस्तान सिटी न्यूज
कांवड़ यात्रा-2026 को पूरी तरह सुरक्षित, सुव्यवस्थित और भव्य रूप से संपन्न कराने के लिए उत्तर प्रदेश शासन अलर्ट मोड पर है। इसी कड़ी में सोमवार को प्रदेश के मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल और पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण मुजफ्फरनगर के दौरे पर रहेंगे। शासन के ये दोनों शीर्ष अधिकारी जनपद में आकर जमीनी स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्य सचिव और डीजीपी दोपहर करीब 3:30 बजे मुजफ्फरनगर पहुंचेंगे। शहर में प्रवेश करते ही दोनों अधिकारी सबसे पहले आस्था के केंद्र ‘शिव चौक’ का रुख करेंगे, जहां वे कांवड़ कंट्रोल रूम, सीसीटीवी निगरानी नेटवर्क और बैरिकेडिंग व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। इसके बाद कलेक्ट्रेट सभागार में सहारनपुर मंडल (सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली) के वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय कानून-व्यवस्था समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की जाएगी।
शासन का स्पष्ट निर्देश है कि कांवड़ मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस बैठक में कांवड़ मेले के अलावा तकनीकी और प्रशासनिक प्रगति, जैसे—यक्ष ऐप की कार्यप्रणाली, ई-एविडेंस, साइबर क्राइम पर लगाम और CCTNS के तहत 60 व 90 दिनों के भीतर विवेचनाओं की स्थिति की भी गहन समीक्षा की जाएगी।
Author: हिंदुस्तान सिटी न्यूज़
Post Views: 162





