Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » महिला चिकित्सक सहित छह स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित मिले, सीएमओ ने मांगा स्पष्टीकरण

महिला चिकित्सक सहित छह स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित मिले, सीएमओ ने मांगा स्पष्टीकरण

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

जनपद मुजफ्फरनगर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया द्वारा आज प्रातः 9:55 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोपा का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सा सेवाओं, साफ-सफाई, दवा उपलब्धता, ओपीडी संचालन, अभिलेखों के रखरखाव एवं कर्मचारियों की उपस्थिति का गहन निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान डॉ. यशस्वी जैन (महिला चिकित्सक), सुप्रिया सिंह (स्टाफ नर्स), दीपा (स्टाफ नर्स), विपिन (लैब टेक्नीशियन), प्रवीण (स्टाफ नर्स) तथा ग्लोरियस (स्टाफ नर्स) अनुपस्थित पाए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी अनुपस्थित कार्मिकों से तत्काल स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि संतोषजनक स्पष्टीकरण प्राप्त न होने की स्थिति में संबंधित कार्मिकों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोपा के प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय कुमार को निर्देशित किया कि सभी अनुपस्थित कार्मिकों से तत्काल स्पष्टीकरण प्राप्त कर अपनी आख्या प्रस्तुत करें तथा भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही की पुनरावृत्ति न हो, यह सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी स्वास्थ्य कर्मियों को समय से उपस्थित होकर मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, संवेदनशील एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक मरीज को बेहतर उपचार एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना सभी स्वास्थ्य कार्मिकों की प्राथमिक जिम्मेदारी है तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल