मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. अजय प्रताप शाही पर होटल्स में कार्यालय चलाने की शिकायत पर नगर पालिका ईओ ने गंभीरता से संज्ञान लिया है। ठेकेदार और कर्मचारियों ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी के खिलाफ साक्ष्य के आधार पर शिकायत की है। वहीं पालिका कार्यालय से महत्वपूर्ण पत्राविलयां होटल्स में मंगाने का भी आरोप लगाया है। शिकायतकर्ताओं ने ईओ के बताया है कि उनके द्वारा फाइल मेरठ स्थित आवास पर भी मंगाई जाती है। ईओ ने इस मामले में संज्ञान लेते हुए नगर स्वास्थ्य अधिकारी को नोटिस जारी किया है। वहीं कार्य प्रणाली में सुधार करने की कडी चेतावनी दी है।
स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों और ठेकेदारों ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. अजय प्रताप शाही के खिलाफ शिकायत की है। उन्होंने शिकायत करते हुए ईओ को साक्ष्य भी उपलब्ध कराए है। उन्होंने बताया कि नगर स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से बाहर होटल प्लाशा, सेवन स्काई होटल, मदन स्वीट्स, पुलिस लाइन कैंटीन तथा मेरठ स्थित अपने आवास पर विभागीय पत्रावलियां लेकर आने के लिए दबाव बनाते हैं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि कर्मचारियों से स्पष्ट रूप से कहा जाता है कि यदि किसी पत्रावली पर उनके हस्ताक्षर चाहिए तो उसे उनके बताए स्थान पर ही लाना होगा। नोटिस में दिए आरोपों के अनुसार, इस व्यवस्था के कारण विभागीय बाबुओं और कर्मचारियों को विभिन्न स्थानों पर पत्रावलियां लेकर भागदौड़ करनी पड़ती है, जिससे कार्यालयी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। साथ ही ठेकेदारों को भी विभिन्न होटलों में मिलने के लिए बुलाए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि नगर स्वास्थ्य अधिकारी स्वयं को विभागाध्यक्ष बताते हुए कहते हैं कि उनके हस्ताक्षर के बिना कोई कार्य संभव नहीं है। कई महत्वपूर्ण पत्रावलियों पर जानबूझकर विलंब किया जाता है। इसके चलते अनेक मामलों में पालिका अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी को पहले अपने हस्ताक्षर करने पड़ते हैं और बाद में नगर स्वास्थ्य अधिकारी के हस्ताक्षरों की प्रतीक्षा करनी पड़ती है। नोटिस में कहा गया है कि पालिका अध्यक्ष द्वारा भी उन्हें समय से पत्रावलियों का निस्तारण करने के लिए कई बार कड़ी चेतावनी और नाराजगी के साथ निर्देशित किया जा चुका है।

इन्होंने बताया
डॉ. अजय प्रताप शाही का मूल पद चिकित्सा विभाग में है तथा उन्हें नगर पालिका परिषद की मांग पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी के पद पर सम्बद्ध किया गया है। ऐसे में उनकी कार्यशैली न केवल नगर पालिका परिषद बल्कि चिकित्सा विभाग की छवि को भी प्रभावित कर रही है। यदि भविष्य में कार्यालय से बाहर पत्रावलियां मंगाने व कर्मचारियों, ठेकेदारों पर अनुचित दबाव बनाने संबंधी शिकायतें प्राप्त होती हैं तो उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
डा. प्रज्ञा सिंह, ईओ नगर पालिका





