मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

भीषण गर्मी एवं तेज धूप के बीच ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों तथा आम राहगीरों को राहत प्रदान करने हेतु पुलिस अधीक्षक नगर मुजफ्फरनगर अमृत जैन द्वारा एक सराहनीय एवं जनहितकारी पहल की गई है। पुलिस अधीक्षक नगर महोदय द्वारा नगर पालिका अधिशासी अधिकारी के सहयोग से शहर के प्रमुख चौराहों, ड्यूटी प्वाइंटों एवं पुलिस चेकिंग स्थलों पर विशेष शेड लगवाए गए हैं, जिससे पुलिस बल एवं आमजन को तेज धूप से राहत मिल सकेगी।


गौरतलब है कि वर्तमान समय में जनपद में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच पुलिसकर्मी लगातार सड़क पर रहकर यातायात व्यवस्था, सुरक्षा ड्यूटी एवं चेकिंग अभियान में मुस्तैदी से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। ऐसे में पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन द्वारा पुलिस जवानों के स्वास्थ्य एवं सुविधा के साथ-साथ राहगीरों की परेशानी को भी गंभीरता से लेते हुए यह मानवीय पहल की गई है। इस व्यवस्था से ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों को छाया उपलब्ध होगी तथा राहगीरों को भी धूप से राहत मिलेगी।

नगर क्षेत्र के मदन स्वीट्स के सामने, महावीर चौक, रोडवेज बस स्टैण्ड, अहिल्याबाई चौक, एसडी मार्केट, मीनाक्षी चौक, अस्पताल तिराहा, एसडी तिराहा, नॉवेल्टी चौक, प्रकाश चौक एवं राणा चौक सहित विभिन्न प्रमुख स्थानों पर शेड स्थापित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त पुलिस चेकिंग प्वाइंट बिलासपुर कट, गांधी कॉलोनी चौराहा, बच्चन सिंह पुलिया पचेण्डा रोड, विश्वकर्मा चौराहा, टिकैत चौक, अलमासपुर चौराहा एवं भोपा अंडरपास पर भी शेड लगवाए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक नगर की इस संवेदनशील एवं सकारात्मक पहल की पुलिसकर्मियों, स्थानीय नागरिकों एवं राहगीरों द्वारा सराहना की जा रही है। आमजन का कहना है कि पुलिस अधीक्षक नगर द्वारा केवल कानून व्यवस्था ही नहीं बल्कि पुलिस बल एवं नागरिकों की सुविधा और स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है





