Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » न्यायालय परिसर में मीनाक्षी स्वरूप ने दी पिंक टॉयलेट की सौगात

न्यायालय परिसर में मीनाक्षी स्वरूप ने दी पिंक टॉयलेट की सौगात

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

महिलाओं और ट्रांसजेंडर समुदाय को स्वच्छ एवं सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में नगरपालिका परिषद ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जनपद के न्यायिक विभाग परिसर में आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित पिंक टॉयलेट का उद्घाटन नगरपालिका परिषद की चेयरमैन मीनाक्षी स्वरूप एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश बीरेन्द्र कुमार सिंह द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
नगरपालिका परिषद द्वारा निर्मित यह जनपद का दूसरा पिंक टॉयलेट है। इससे पूर्व कलेक्ट्रेट परिसर में भी महिलाओं और ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए पिंक टॉयलेट की सुविधा उपलब्ध कराई जा चुकी है। न्यायालय परिसर में बने इस नए पिंक टॉयलेट के निर्माण पर राज्य वित्त आयोग की धनराशि से करीब 9.50 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। तीन सीटों वाले इस पिंक टॉयलेट को आधुनिक सुविधाओं के अनुरूप तैयार किया गया है। इसकी नियमित देखरेख और संचालन के लिए नगरपालिका परिषद की ओर से एक कर्मचारी की भी तैनाती की गई है, ताकि उपयोगकर्ताओं को स्वच्छ और व्यवस्थित सुविधा मिल सके।
उद्घाटन अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश बीरेन्द्र कुमार सिंह ने नगरपालिका परिषद द्वारा किए गए इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि न्यायालय परिसर में आने वाली महिलाओं एवं ट्रांसजेंडर समुदाय को इससे बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने नगरपालिका अध्यक्ष द्वारा जनहित में किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा भी की।
नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं और ट्रांसजेंडर समुदाय की सुविधा एवं सम्मान को ध्यान में रखते हुए नगरपालिका परिषद लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छ एवं सुरक्षित शौचालयों की उपलब्धता समय की आवश्यकता है और परिषद आगे भी जनसुविधाओं को बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी। इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी डॉ. प्रज्ञा सिंह, एई निर्माण नैपाल सिंह, सभासद पति शोभित गुप्ता सहित न्यायिक विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल