मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा द्वारा जनपद मुजफ्फरनगर में संचालित साइबर थाने के नवीन एवं आधुनिक भवन निर्माण कार्य (जानसठ रोड पर) का विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के मध्य शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा पूजा-अर्चना कर भूमि पूजन सम्पन्न कराया गया।


भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा द्वारा निर्माण स्थल पर शुभ प्रतीक के रूप में ईंट स्थापित कर पूजन किया गया तथा फावड़ा चलाकर निर्माण कार्य का विधिवत शुभारम्भ किया गया। वर्तमान समय में साइबर अपराधों में लगातार वृद्धि हो रही है, जिसके दृष्टिगत साइबर थाना पुलिस व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण अंग बन चुका है। साइबर थाने के नवीन एवं विस्तृत भवन के निर्माण से साइबर अपराधों की रोकथाम, विवेचना एवं तकनीकी जांच कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।

साथ ही आमजन को साइबर अपराध संबंधी शिकायतों के निस्तारण हेतु बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य को उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराया जाए, जिससे जनपदवासियों को शीघ्र अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त साइबर थाने का लाभ प्राप्त हो सके।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे, प्रतिसार निरीक्षक उदल सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण मौजूद रहे





