मुजफ्फरनगर। हिंदुस्तान सिटी न्यूज

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार में जनपद मुजफ्फरनगर के विभिन्न बैंक शाखाओं के प्रबंधकों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी के दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


गोष्ठी में बैंक सुरक्षा, सुरक्षित लेन-देन, साइबर अपराधों की रोकथाम एवं आमजन को जागरूक करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा बैंक प्रबंधकों से उनकी समस्याओं एवं सुझावों के बारे में जानकारी प्राप्त की गई तथा उनके त्वरित एवं विधिक निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा निर्देशित किया गया कि सभी बैंक शाखाओं में सुरक्षा के दृष्टिगत सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील स्थिति में रहें, कैमरों की गुणवत्ता अच्छी हो तथा उनका बैकअप सुरक्षित रखा जाए। साथ ही बैंकों में अलार्म सिस्टम, गार्ड की तैनाती एवं संदिग्ध व्यक्तियों पर सतर्क दृष्टि बनाए रखने हेतु भी निर्देशित किया गया। साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को दृष्टिगत रखते हुए बैंक अधिकारियों को ग्राहकों को ऑनलाइन फ्रॉड, फिशिंग, ओटीपी शेयरिंग, फर्जी कॉल आदि से बचाव के प्रति जागरूक करने हेतु प्रेरित किया गया।
इसके अतिरिक्त निर्देशित किया गया कि साइबर फ्रॉड से संबंधित मामलों में पुलिस द्वारा प्रेषित सूचना/अनुरोध पर खातों को तत्काल फ्रीज करने की कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर की जाए, जिससे पीड़ित की धनराशि को सुरक्षित किया जा सके संदिग्ध लेन-देन (Suspicious Transactions) पर सतर्क निगरानी रखते हुए ऐसे मामलों में नियमानुसार रिपोर्टिंग सुनिश्चित करें तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित सूचना तत्काल पुलिस/साइबर सेल को उपलब्ध कराएं। अंत में सभी बैंक प्रबंधकों को पुलिस के साथ समन्वय स्थापित करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने हेतु प्रेरित किया गया।






