मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

रविवार की देर रात्रि में तेज हवा के साथ आयी बारिश से पावर कारपोरेशन को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। शहर और देहात क्षेत्र में कई स्थानों पर बिजली के तार और पोल आदि टूटे है। हाईटेंशन लाइनों में ब्रेकडाउन होने से रातभर शहर और देहात क्षेत्र में अंधेरा छाया रहा। बिजली विभाग के कर्मचारियों के द्वारा देर रात्रि में फाल्ट आदि सहीं करने का प्रयास किया गया, लेकिन पूरी तरह से सफलता नहीं मिल पायी।
रविवार की सुबह बारिश होने के बाद मौसम खुल गया था, लेकिन देर रात्रि में फिर से मौसम खराब हो गया। रात्रि करीब 11.30 बजे आकाश में काले बादल छा गए और आकाशीय बिजली चमकने लगी। वहीं ठंडी हवा चलने लगी। कुछ देर के बाद हवा की गति तेज हो गई। तेज हवा के साथ बारिश भी शुरू हो गई। तेज हवा के कारण नरा, भोपा रोड, जौली रोड, बधाई आदि स्थानों पर हाईटेंशन लाइनों पर पेडों की डालियां टूटकर गिर गई। जिस कारण लाइनों में ब्रेकडाउन हो गया। रात्रि में टाउन हाल रोड, शामली रोड, मिमलाना रोड, रूडकी रोड, महावीर चौक, सुजडू, टीपी नगर, नई मंडी, मंडी समिति, रोहाना, सिसौना, तितावी, बुढाना, जानसठ, मीरापुर, पुरकाजी आदि बिजलीघरों से रात भर सप्लाई बंद रही। सोमवार की सुबह कर्मचारियों के द्वारा फाल्ट आदि को सहीं किया गया। शहरी क्षेत्र मेें काली नदी के पुल के समीप टूटे पोल के स्थान पर दूसरा पोल और नए तार डाले गए।







