मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

विकास भवन में आयोजित बैठक से पहले शिकायत मिलने पर बुढाना विधायक एंव सभापति राजपाल बालियान राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष संजय राठी के साथ मंसूरपुर शुगर मिल में पहुंचे। उन्होंने धर्मकांटे पर पहुंच कर करीब 20 किलो की गन्ना घटतौली स्वयं पकडी है। उन्होंने मौके पर डीसीओ को बुलाकर मामले की जांच करने के निर्देश दिए है। इस संबंध में सभापति राजपाल बालियान ने डीएम उमेश मिश्रा को भी संबंधित के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। वहीं डीसीओ की कार्यप्रणाली पर आपत्ति दर्ज कराते हुए कडी नाराजगी जताई है।


विकास भवन में आयोजित बैठक के दौरान सभापति राजपाल बालियान ने डीएम को बताया कि जनपद में दो शुगर मिल मंसूरपुर और खतौली में बडे स्तर पर गन्ना घटतौली हो रही है। किसानों को लूटने का कार्य किया जा रहा है। जिसमें प्रथम नम्बर पर मंसूरपुर शुगर मिल और दूसरे स्थान पर खतौली शुगर मिल है। उन्होंने बताया कि बैठक से पूर्व वह अपनी टीम के साथ स्वयं मंसूरपुर मिल में स्वयं पहुंचे है। यहां पर पिछले कई दिनों से घटतौली के संबंध में शिकायत मिल रही थी। मौके पर पहुंचकर देखा की धर्मकांटे की हालत काफी जर्जर हालत में थी। यहां पर करीब 20 किलो की घटतौली पकडी गई है। मौके पर डीसीओ को बुलाया गया। डीसीओ को कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने बताया कि डीसीओ की कार्य प्रणाली भी सहीं नहीं लगी है। उन्होंने डीएम को इस मामले में जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए है।






