Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » हर क्षेत्र में महिलाएं लहरा रही अपनी प्रतिभा का परचम: मीनाक्षी स्वरूप

हर क्षेत्र में महिलाएं लहरा रही अपनी प्रतिभा का परचम: मीनाक्षी स्वरूप

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

एस.डी. कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज के एमबीए, एमसीए व डीएलएड विभाग द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को एक प्रेरणादायक महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका परिषद की चेयरमैन श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप, समाजसेविका मनि पटपटिया, कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आलोक कुमार गुप्ता, श्रीमती रितू मित्तल, डॉ. विभूति अग्रवाल व श्रीमती पारूल कुमार ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर सभी ने महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।


समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। नगर पालिका परिषद की चेयरमैन श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप, क्रांतिकारी शालू सैनी, समाजसेविका मनि पटपटिया, एस.डी. पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य भारती तिवारी तथा वर्धमान हॉस्पिटल की डॉ. वंदना जैन को पटका पहनाकर व स्मृतिचिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। चेयरमैन श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, प्रशासन, राजनीति, चिकित्सा, विज्ञान और व्यवसाय जैसे हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें समान अवसर प्रदान करना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करें और उन्हें प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करें।


क्रांतिकारी शालू सैनी ने कहा कि आज की महिला आत्मनिर्भर और जागरूक हो चुकी है। यदि समाज और परिवार उन्हें समान अवसर दें तो वे हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकती हैं। वहीं समाजसेविका मनि पटपटिया ने कहा कि महिलाओं के सम्मान और उनके अधिकारों की रक्षा करना पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि महिलाएं आज परिवार की जिम्मेदारियों के साथ-साथ देश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित छात्र-छात्राओं व अतिथियों ने महिला सशक्तिकरण के संदेश को समाज तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल